राष्ट्रीय प्रतीक विवाद: भाजपा ने उमर और राहुल से माफी की मांग की
नोमान खारी
- 07 Sep 2025, 12:37 AM
- Updated: 12:37 AM
नयी दिल्ली, छह सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने श्रीनगर की हजरतबल मस्जिद में राष्ट्रीय प्रतीक लगाए जाने को लेकर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की टिप्पणी शनिवार को आलोचना की और उनसे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं से भारत की पहचान और बिहार की विरासत का अपमान करने के लिए माफी मांगने की मांग की।
हजरतबल मस्जिद में वक्फ बोर्ड द्वारा उद्घाटन पट्टिका पर राष्ट्रीय प्रतीक के इस्तेमाल की आलोचना करते हुए अब्दुल्ला ने कहा कि यह प्रतीक सरकारी कार्यों के लिए है, धार्मिक संस्थानों के लिए नहीं।
दक्षिण कश्मीर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे मुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड को उस 'गलती' के लिए माफी मांगनी चाहिए जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
श्रीनगर की मशहूर हजरतबल मस्जिद में उद्घाटन पट्टिका पर राष्ट्रीय प्रतीक लगाए जाने से बड़ा विवाद खड़ा हो गया था। इससे स्थानीय नेताओं और नमाजियों में नाराजगी फैल गई और अज्ञात लोगों ने उस पट्टिका को तोड़फोड़ दिया।
भाजपा के राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि अब्दुल्ला ने अपनी टिप्पणी से सारनाथ के अशोक स्तंभ का प्रतिनिधित्व करने वाले राष्ट्रीय प्रतीक के प्रति "घोर अनादर" किया है।
उन्होंने कहा, "इस कायरतापूर्ण हमले की निंदा करने के बजाय, ‘इंडी’ (इंडिया) गठबंधन के नेता और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला इसे उचित ठहराने की कोशिश कर रहे हैं।"
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि प्रतीक पर नेता की राय ने कांग्रेस और उसके सहयोगियों की पोल खोल दी है। उन्होंने कहा, ‘‘वे भारत और उसके राष्ट्रीय गौरव की किसी भी पहचान और प्रतीक पर प्रहार करने को तैयार हैं।"
त्रिवेदी ने कहा कि अशोक स्तंभ राष्ट्रीय गौरव और भारत की पहचान का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि अशोक भारत के महानतम राजाओं में से एक थे और बिहार के पुत्र थे।
उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए हम ‘इंडी’ (इंडिया) गठबंधन के नेताओं, खासकर राहुल गांधी और तेजस्वी यादव से स्पष्ट जवाब चाहते हैं। भारत की अस्मिता और सम्मान के प्रतीक पर हुए इस हमले का बचाव करने के लिए आपको देश से माफी मांगनी चाहिए।’’
भाषा
नोमान