कांग्रेस ने राजुरा विधानसभा क्षेत्र में मतदाता फर्जीवाड़ा का आरोप लगाया
अविनाश पवनेश
- 09 Sep 2025, 07:17 PM
- Updated: 07:17 PM
मुंबई, नौ सितंबर (भाषा) कांग्रेस ने मंगलवार को महाराष्ट्र के राजुरा विधानसभा क्षेत्र में महादेवपुरा मामले की तरह बड़े पैमाने पर मतदाता फर्जीवाड़ा किए जाने का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि अगर एक महीने के भीतर कार्रवाई नहीं की गई तो वह अदालत का दरवाजा खटखटाएगी।
राज्य कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंढे ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि राजुरा में ‘‘फर्जी ऑनलाइन मतदाता पंजीकरण’’ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से पिछले 11 महीने में कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
भाजपा के मीडिया समन्वयक नवनाथ बन और राज्य प्रवक्ता केशव उपाध्याय ने फोन कॉल का जवाब नहीं दिया।
लोंढे ने दावा किया, ‘‘एक अक्टूबर से 15 अक्टूबर, 2024 के बीच, चंद्रपुर जिले के राजुरा निर्वाचन क्षेत्र में 11,667 फर्जी मतदाताओं का ऑनलाइन पंजीकरण किया गया। कांग्रेस उम्मीदवार सुभाष धोटे की शिकायत के बाद, 6,853 नाम हटा दिए गए। हालांकि, पुलिस और प्रशासन ने फर्जी पंजीकरण में इस्तेमाल किए गए आईपी एड्रेस, ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर का विवरण साझा नहीं किया है।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि राजुरा से भाजपा उम्मीदवार को निर्वाचन आयोग के उड़नदस्ते ने 61 लाख रुपये नकद और चुनाव सामग्री के साथ पकड़ा था और गढ़चंदूर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था।
उन्होंने दावा किया, ‘‘इस मामले में भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है।’’
भाजपा के देवराव भोंगले ने राजुरा विधानसभा क्षेत्र से अपने निकटतम कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी सुभाष धोटे को 2,000 मतों से हराया। राजुरा चंद्रपुर लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा पर निर्वाचन आयोग के साथ मिलकर मतदाता धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया और हाल ही में राहुल गांधी द्वारा चिह्नित महादेवपुरा निर्वाचन क्षेत्र में इसी तरह की अनियमितताओं की ओर इशारा किया।
लोंढे ने कहा, ‘‘हमारे उम्मीदवार द्वारा निर्वाचन आयोग, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद, कोई प्रगति नहीं हुई है। अगर एक महीने के भीतर कार्रवाई शुरू नहीं की गई, तो कांग्रेस अदालत का दरवाजा खटखटाएगी।’’
पूर्व विधायक सुभाष धोटे भी संवाददाता सम्मेलन में मौजूद थे।
भाषा अविनाश