उप्र: पद्म विभूषण छन्नू लाल मिश्र मिर्जापुर के राम कृष्ण मिशन अस्पताल में भर्ती
सं आनन्द जितेंद्र
- 13 Sep 2025, 05:25 PM
- Updated: 05:25 PM
मिर्जापुर, 13 सितंबर (भाषा) भारतीय शास्त्रीय संगीत के मर्मज्ञ पद्म विभूषण छन्नू लाल मिश्र को उपचार के लिए यहां राम कृष्ण मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उपशास्त्रीय संगीत गायन में मशहूर पद्म विभूषण से सम्मानित छन्नू लाल मिश्रा (89) को हीमोग्लोबिन की कमी और ‘बेड सोल’ की समस्या के कारण उपचार की जरूरत पड़ी।
मां विंध्यवासिनी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार के नेतृत्व में विशेषज्ञ चिकित्सकों की एक टीम छन्नू लाल मिश्रा स्वास्थ्य की देखभाल कर रही है।
छन्नू लाल मिश्र की पुत्री नम्रता मिश्रा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उनके पिता ‘बेड सोल’ (बिस्तर पर लेटे रहने से पीठ में होने वाला घाव) से पीड़ित है।
नम्रता ने बताया कि गत दिनों अचानक उनका स्वास्थ्य बिगड़ गया और जब उन्होंने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार को बताया तो विशेषज्ञ चिकित्सकों की एक टीम बनाकर उनका इलाज शुरू किया गया।
मिश्र के रक्त और पेशाब की जांच की गई तो हीमोग्लोबिन की मात्रा कम पाई गई, जिसके बाद उन्हें रामकृष्ण मिशन अस्पताल में भर्ती कर दिया गया।
नम्रता ने बताया कि पिताजी का ‘हीमोग्लोबिन सा पॉइंट तक पहुंच गया था, जिससे उनके शरीर में सूजन आ गई थी।
उन्होंने बताया कि इसके बाद उनके पिता को दो यूनिट ब्लड चढ़ाया गया, जिससे हीमोग्लोबिन की मात्रा में सुधार हुआ है।
नम्रता ने बताया कि उनका (छन्नू लाल का) खाना-पीना सामान्य है, सांस आदि सामान्य ढंग से आ रही है।ट
विशेषज्ञ चिकित्सकों में डॉ. सत्यम सिंह, डॉ. पंकज पांडे, डॉ. अमित यादव, डॉ. दुर्गेश सिंह, डॉ. क्षितिज राज, डॉ. सचिन किशोर, प्रधानाचार्य डॉ. संजीव कुमार और अस्पताल के इंचार्ज डॉ. कमलेश भी शामिल हैं।
पद्म विभूषण छन्नू लाल मिश्र नगर के महंत शिवाला में अपनी पुत्री डॉ. नम्रता मिश्रा के साथ रहते हैं और वही उनकी देखभाल करती हैं।
मिर्जापुर के जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि प्राचार्य के नेतृत्व में छन्नू लाल मिश्रा का इलाज जारी है।
गंगवार ने बताया, “मैं उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना करता हूं। अभी उनका स्वास्थ्य स्थिर है और चिंता की कोई बात नहीं है।”
भाषा सं आनन्द