दिल्ली के होटल में दोस्तों के साथ पार्टी के बाद मृत मिला व्यक्ति, परिवार ने हत्या का आरोप लगाया
तान्या तान्या नरेश
- 14 Sep 2025, 06:37 PM
- Updated: 06:37 PM
नयी दिल्ली, 14 सितंबर (भाषा) उत्तर-पूर्वी दिल्ली के एक होटल में दोस्तों के साथ पार्टी के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह जानकारी दिल्ली पुलिस ने रविवार को दी। मृतक के परिवार को शक है कि पार्टी के दौरान उसे नशीला पदार्थ देकर उसकी हत्या कर दी गई।
हालांकि, पुलिस ने कहा कि उसकी मौत का कारण अभी पता नहीं चल पाया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शनिवार शाम होटल में एक व्यक्ति के बेहोश पाए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और ब्रह्मपुरी निवासी मोहित गर्ग को कमरे में बेसुध पड़ा पाया।
उन्होंने बताया कि उसे जेपीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे 'मृत' घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल में सुरक्षित रखवा दिया गया है।
मृतक के परिजनों और दोस्तों ने दावा किया कि वे ही पीड़ित को अस्पताल ले गए थे और तब तक उसका शरीर पूरी तरह नीला पड़ चुका था।
पुलिस ने बताया कि मोहित गर्ग ने दिन में ही होटल में चेक-इन कर लिया था और शाम को कमरे में एक पार्टी रखी थी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पार्टी के बाद वह अचानक बेहोश हो गया।
मृतक के परिवार ने पुलिस पर समय पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया और शनिवार रात जेपीसी अस्पताल के बाहर नारेबाजी की।
पीड़ित के पिता नरेंद्र कुमार गर्ग ने कहा, "मुझे लगता है कि मेरे बेटे को पार्टी के दौरान उसके साथ मौजूद लोगों ने नशीला पदार्थ देकर उसकी हत्या कर दी।"
पिता ने कहा, "हमने पुलिस से पूरे मामले की उचित जांच करने और उसकी मौत के जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार करने की मांग की है। मेरा बेटा स्वस्थ था और उसे कोई समस्या नहीं थी। पुलिस को मामले की उचित जांच करनी चाहिए।"
पीड़ित के एक पारिवारिक मित्र विकास जैन ने कहा, "जब हमने उसकी जांच की तो उसका शरीर पूरी तरह नीला पड़ गया था। हम उसे तुरंत पास के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हमें लगता है कि उसकी हत्या की गई है। पुलिस को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।"
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस पार्टी में शामिल हुए लोगों की पहचान कर रही है ताकि उनसे पूछताछ की जा सके और पूरे घटनाक्रम का पता लगाया जा सके।
भाषा तान्या तान्या