दिल्ली: तीन हजार रुपये की चोरी पकड़ी जाने के बाद घरेलू सहायिका ने तीसरी मंजिल से छलांग लगाई
राखी सुरेश
- 18 Sep 2025, 08:58 PM
- Updated: 08:58 PM
नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) पूर्वी दिल्ली के जोशी कॉलोनी में 18-वर्षीय एक घरेलू सहायिका ने अपने नियोक्ता के घर से तीन हजार रुपये चोरी करने का आरोप लगने के बाद कथित तौर पर तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
हालांकि, पीड़िता के परिजनों ने आरोप लगाया कि नियोक्ताओं ने उसे खिड़की से धक्का दिया।
यह मामला तब सामने आया जब बुधवार शाम करीब पांच बजकर 15 मिनट पर पुलिस को एलबीएस अस्पताल से एक महिला के इमारत से गिरने और भर्ती होने संबंधी चिकित्सकीय-कानूनी मामले (एमएलसी) की सूचना मिली।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘महिला को बाद में जीटीबी अस्पताल स्थानांतिरत किया गया, जहां वह गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती है और चिकित्सकों की सलाह के मुताबिक फिलहाल बयान नहीं दे सकती है।’’
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की पहचान आशा के रूप में हुई है, जो मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के जिगमान गांव की निवासी है। वह 49-वर्षीय अशोक करनानी के परिवार में एक साल से घरेलू सहायिका के तौर पर काम कर रही थी।
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि घटना के दिन अशोक की पत्नी श्वेता करनानी ने आशा को कथित तौर पर रुपये चोरी करते हुए पकड़ लिया था। इसके बाद आशा रसोई में गई और उसने छोटी खिड़की से कथित तौर पर छलांग लगा दी।
पुलिस ने बताया कि उसे गंभीर चोटें आई हैं और वह अस्पताल में उपचाराधीन है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अपराध स्थल की जांच की गई।
घटना के समय घर में करनानी परिवार की चार महिला सदस्य मौजूद थीं। उनके बयान दर्ज किए गए हैं।
इस बीच, पीड़िता की मां ने नियोक्ताओं पर आरोप लगाया कि उन्होंने उसकी बेटी को जबरन खिड़की से धक्का दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘शाम करीब छह बजे पुलिस ने मुझे फोन कर बताया कि मेरी बेटी का इलाज किया जा रहा है। उसके नियोक्ता उस पर चोरी का आरोप लगा रहे हैं, लेकिन मुझे पूरा विश्वास है कि उन्होंने ही उसे धक्का दिया है। वह जीटीबी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही है और उसकी हालत गंभीर है।’’
पुलिस ने कहा कि घटना के पीछे के कारण व परिस्थितियों की जांच की जा रही है। सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है। मामले में जांच जारी है।
भाषा राखी