कर्नाटक: बेंगलुरु में चोरी के मामले में दो व्यक्ति गिरफ्तार, 72 लाख रुपये का सोना-चांदी बरामद
सुमित संतोष
- 29 Oct 2025, 03:47 PM
- Updated: 03:47 PM
बेंगलुरु, 29 अक्टूबर (भाषा) बेंगलुरु के एक घर में सेंधमारी और चोरी के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके पास से लगभग 72 लाख रुपये मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
बेंगलुरु के विश्वप्रिय लेआउट के एक निवासी द्वारा बेगूर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद जांच शुरू हुई थी।
पुलिस के अनुसार, 16 जून को शिकायतकर्ता उडुपी गए थे। जब वे दो दिन बाद लौटे तो उन्होंने घर का सामने का दरवाजा टूटा हुआ और आधा खुला पाया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे 330 ग्राम सोने के आभूषण और 1.2 किलोग्राम चांदी के सामान चोरी हो गए थे।"
पुलिस ने हफ्तों तक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण करने और गिरवी लेन-देन को ‘ट्रैक’ करने के बाद मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर छह अगस्त को बेगूर लेक कोली के पास एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। अधिकारी ने कहा, "पूछताछ में संदिग्ध ने स्वीकार किया कि वह और उसका साथी इस सेंधमारी के लिए जिम्मेदार थे।"
आरोपी ने यह भी बताया कि चोरी का सोना कोलार गोल्ड फील्ड्स (केजीएफ) की तीन ‘गिरवी’ दुकानों में रखा गया है और उसने अपने साथी का विवरण भी दिया।
प्राप्त जानकारी पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 18 और 19 अगस्त को उन ‘गिरवी’ दुकानों से 233 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए।
दूसरे आरोपी को 14 सितंबर को बेगूर पुलिस थाने की सीमा के भीतर एक इलाके से हिरासत में ले लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने बाद में नौ अक्टूबर से 26 अक्टूबर के बीच छह आभूषण की दुकानों से 381 ग्राम सोने के आभूषण और 470 ग्राम चांदी के सामान बरामद किए, जिनमें से तीन दुकानें चिंतामणि तालुक में और तीन केजीएफ में थीं।
कुल मिलाकर 614 ग्राम सोना और 470 ग्राम चांदी बरामद की गई। पुलिस चोरी हुई 1.2 किलोग्राम चांदी में से एक हिस्सा बरामद करने में कामयाब रही।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने बेगूर पुलिस थाना क्षेत्र के भीतर चोरी की दो अन्य घटनाओं समेत बेंगलुरु ग्रामीण जिले में चोरी-सेंधमारी की कई अन्य घटनाओं में अपनी संलिप्तता कबूल की है।
भाषा सुमित