मोंथा का असर: तेलंगाना के कुछ हिस्सों में भारी बारिश
तान्या अविनाश
- 29 Oct 2025, 04:06 PM
- Updated: 04:06 PM
हैदराबाद, 29 अक्टूबर (भाषा) चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ के असर से बुधवार को तेलंगाना के विभिन्न जिलों में मूसलाधार बारिश हुई। यह तूफान पड़ोसी आंध्र प्रदेश के तट से बीती रात गुजरा।
तेलंगाना में वारंगल, महबूबाबाद, यदाद्री भुवनगिरी, जंगांव, सूर्यापेट, नलगोंडा, नागरकर्नूल और सिद्धिपेट समेत कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। हैदराबाद में भी तेज बारिश हुई।
राज्य के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने चक्रवात मोंथा के प्रभाव की समीक्षा को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।
तेलंगाना डेवेलपमेंट प्लानिंग सोसाइटी के अनुसार, वारंगल जिले के रेडलवाड़ा में सुबह 8.30 बजे से दोपहर दो बजे के बीच 183.3 मिमी और कल्लेदा में 159 मिमी बारिश दर्ज की गई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार दोपहर एक बजे से 30 अक्टूबर सुबह 8.30 बजे तक महबूबाबाद, वारंगल और हनुमकोंडा जिलों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, रेड अलर्ट का अर्थ है कि 24 घंटे की अवधि में 20 सेंटीमीटर से अधिक वर्षा हो सकती है।
मौसम विभाग ने राज्य के कई अन्य जिलों में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान लगाया है।
बारिश के मद्देनजर खम्मम, भद्राद्री कोठागुडेम और महबूबाबाद जिलों में सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित कर दिया गया।
नलगोंडा जिले के कोमापल्ली स्थित राज्य संचालित आवासीय विद्यालय में जलभराव होने के बाद लगभग 500 छात्रों और 26 शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है।
दक्षिण मध्य रेलवे (एससीआर) के एक अधिकारी ने बताया कि महबूबाबाद जिले के डोर्नाकल रेलवे स्टेशन पर पटरियों पर पानी भर गया।
रेलवे की एक विज्ञप्ति में बताया गया है कि डोर्नाकल यार्ड में जलभराव के कारण सात यात्री ट्रेनें रद्द कर दी गईं, जबकि कुछ अन्य ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द या मार्ग परिवर्तित किया गया।
टीवी चैनलों पर दिखाए गए दृश्यों में खम्मम जिले में एक ट्रक और उसका चालक उफनती धारा में बहते दिखे।
भाषा तान्या