गुजरात के मुख्यमंत्री ने बारिश से फसलों के नुकसान के आकलन के लिए दो गांवों का दौरा किया
वैभव दिलीप
- 03 Nov 2025, 10:08 PM
- Updated: 10:08 PM
अहमदाबाद, तीन नवंबर (भाषा) गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने हाल में हुई बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए सोमवार को गिर-सोमनाथ और जूनागढ़ जिलों के दो गांवों का दौरा किया।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि उन्होंने प्रभावित किसानों से मिलने और जमीनी स्तर पर स्थिति की समीक्षा करने के लिए गिर-सोमनाथ के कदवासन और जूनागढ़ के पनिधरा गांव का दौरा किया।
इससे पहले 29 अक्टूबर को, पटेल ने किसानों को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए एक सर्वेक्षण का आदेश दिया था, ताकि राहत पैकेज की घोषणा की जा सके।
कोडिनार तालुका के कदवासन में अपने दौरे के दौरान, पटेल खेतों में गए और अक्टूबर के आखिरी हफ्ते में बेमौसम बारिश से नष्ट हुई फसलों का निरीक्षण किया।
स्थानीय विधायकों और मंत्री अर्जुन मोढवाडिया के साथ मुख्यमंत्री ने किसानों की शिकायतें सुनीं और उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी सरकार ‘‘उचित’’ कदम उठाएगी।
मुख्यमंत्री ने किसानों से कहा कि उनकी सरकार हमेशा किसानों के साथ खड़ी रही है और इसीलिए नुकसान का सर्वेक्षण युद्धस्तर पर किया जा रहा है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस दौरे से पहले, पटेल ने गांधीनगर से किसानों की फसलों को हुए नुकसान की पूरी जानकारी प्राप्त करने के लिए उच्च-स्तरीय बैठकें कीं। साथ ही, उन्होंने फसल नुकसान की एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए।
विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘सर्वेक्षण शुरू हो चुका है और अब तक 70 प्रतिशत प्रभावित क्षेत्रों को कवर कर लिया गया है। कृषि विभाग सहित संबंधित विभाग, शेष क्षेत्रों में भी सर्वेक्षण कार्य पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री के निर्देशन में 24 घंटे काम कर रहे हैं।’’
विज्ञप्ति में कहा गया है कि फसलों को हुए नुकसान के लिए किसानों को जल्द से जल्द सहायता प्रदान करने के लिए, 4,800 से अधिक दल प्रभावित जिलों में युद्धस्तर पर सर्वेक्षण कर रही हैं।
प्रारंभिक अनुमानों के अनुसार, बेमौसम बारिश ने राज्य के 249 तालुकों के 16,000 से अधिक गांवों में फसलों को नुकसान पहुंचाया है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि पटेल ने किसानों को आश्वासन दिया कि सर्वेक्षण पूरा होने के तुरंत बाद राज्य सरकार एक उदार राहत पैकेज की घोषणा करेगी।
भाषा वैभव