दक्षिण दिल्ली में लग्जरी कारों से कीमती सामान चुराने वाले 'ठक-ठक' गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
रवि कांत रवि कांत वैभव
- 08 Nov 2025, 03:46 PM
- Updated: 03:46 PM
नयी दिल्ली, आठ नवंबर (भाषा) दक्षिणी दिल्ली में व्यापारियों और जौहरियों की लग्जरी कारों से कीमती सामान चुराने वाले कुख्यात 'ठक-ठक' गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, हाल के महीनों में दक्षिणी दिल्ली और आसपास के इलाकों में चोरी की कई घटनाएं सामने आई हैं।
'ठक-ठक' गिरोह पीड़ितों का ध्यान आकर्षित करने के लिए विभिन्न तरीकों का इस्तेमाल करता था, जैसे खिड़की के शीशे तोड़ना, टायर पंचर करना या कार के बोनट पर तेल डालना।
दक्षिणी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अंकित चौहान ने बताया कि जब पीड़ित कार से बाहर देखने आते थे तो आरोपी तेजी से कीमती सामान उठा लेते थे और चोरी की मोटरसाइकिल पर वहां से फरार हो जाते थे।
इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) (चोरी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। डीसीपी ने बताया कि जांच के दौरान, टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी का विश्लेषण किया और मानव खुफिया जानकारी जुटाई।
उन्होंने बताया कि छह नवंबर को मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने पुष्प विहार में नाला रोड के पास जाल बिछाया, जहां दोनों आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों पर शाम करीब साढ़े छह बजे पहुंचे।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘जब संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया तो उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन कुछ देर पीछा करने के बाद उन्हें पकड़ लिया गया। उनके कब्जे से दो सुनहरे रंग की धातु की बालियां, एक सोने की अंगूठी, दो चोरी किए गए मोबाइल फोन और एक कलाई घड़ी बरामद की गई। वे जिन मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल कर रहे थे, वे भी चोरी की पाई गईं।’’
पुलिस के मुताबिक आरोपियों मदनगीर निवासी विशाल उर्फ लल्ला (22) और साहिल (22) को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि विशाल के खिलाफ पहले भी दो आपराधिक मामले दर्ज हैं जबकि साहिल चोरी, छीनाझपटी और शस्त्र अधिनियम के उल्लंघन के नौ मामलों में संलिप्त पाया गया है।
पुलिस ने बताया कि इन गिरफ्तारियों से हौज खास, टिगरी, साउथ कैंपस, चाणक्यपुरी, वसंत विहार और सनलाइट कॉलोनी पुलिस थानों में दर्ज छह मामलों को सुलझाने में मदद मिली है।
भाषा रवि कांत रवि कांत