उत्तर दिल्ली में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार
शुभम पारुल
- 15 Dec 2025, 10:11 PM
- Updated: 10:11 PM
नयी दिल्ली, 15 दिसंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने फर्जी बीमा पॉलिसी का लालच देकर देशभर के लोगों को ठगने में कथित तौर पर शामिल एक अवैध कॉल सेंटर का सोमवार को भंडाफोड़ करने का दावा किया।
पुलिस ने बताया कि उसने उत्तर दिल्ली में अवैध कॉल सेंटर का संचालन करने वाले तीन कथित मुख्य साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार किया है और 23 महिलाओं व छह पुरुषों सहित 29 ‘टेलीकॉलर’ को हिरासत में लिया है।
डीसीपी (उत्तर) राजा बंथिया ने एक बयान में कहा, “संगठित साइबर अपराध नेटवर्क को खत्म करने के उद्देश्य से चलाए गए विशेष अभियान 'ऑपरेशन साइहॉक 2.0' के तहत एक अवैध कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया गया।”
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई नौ दिसंबर को शास्त्री नगर इलाके के एक घर से संचालित अवैध कॉल सेंटर के बारे में मिली सूचना के बाद की गई।
उसने बताया कि छापेमारी के दौरान पुलिस ने कई पुरुषों और महिलाओं को संभावित ग्राहकों को कॉल करते हुए पकड़ा।
डीसीपी ने कहा, “पुलिस टीम को देखते ही फोन करने वालों ने तुरंत कॉल काट दी, जिससे संदेह पैदा हो गया।” उन्होंने बताया कि परिसर के मालिक और इस धोखाधड़ी के कथित मुख्य साजिशकर्ता की पहचान नजर अब्बास (39) के रूप में की गई है।
पुलिस के मुताबिक, जब अब्बास से कॉल सेंटर के संचालन से जुड़ा लाइसेंस या अनुमति पत्र दिखाने को कहा गया, तो वह कोई भी दस्तावेज पेश करने में विफल रहा।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान, अब्बास ने खुलासा किया कि समूह ने उन लोगों का डेटा जुटाया था, जिनकी बीमा पॉलिसी या तो बंद हो गई थी, रुक गई थी या पूरी हो गई थी।
पुलिस के अनुसार, अब्बास ने बताया कि कॉल सेंटर कर्मी संबंधित लोगों से संपर्क करते थे और उन्हें आकर्षक नयी बीमा पॉलिसी की पेशकश करते थे, पुरानी या बंद पॉलिसी पर लाभ दिलाने का वादा करते थे और एजेंट कमीशन की वापसी का प्रस्ताव देते थे।
पुलिस के मुताबिक, अब्बास ने बताया कि जब कोई ग्राहक प्रस्ताव में दिलचस्पी दिखाता था, तो उसकी जानकारी रवि और विक्की ठाकुर के पास भेजी जाती थी, जो उसे ऑनलाइन भुगतान लिंक भेजकर कुछ राशि भेजने के लिए कहते थे।
पुलिस ने बताया कि अपराध में शामिल तीनों मुख्य साजिशकर्ताओं (अब्बास, रवि और विक्की) को गिरफ्तार कर लिया गया है।
भाषा शुभम