असम : पूर्व केंद्रीय मंत्री कबींद्र पुरकायस्थ का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया
राजकुमार
- 08 Jan 2026, 10:34 PM
- Updated: 10:34 PM
सिलचर/गुवाहाटी, आठ जनवरी (भाषा) सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कबींद्र पुरकायस्थ का अंतिम संस्कार सिलचर में बृहस्पतिवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
कबींद्र पुरकायस्थ का बुधवार को सिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में वृद्धावस्था से संबंधित कारणों के चलते 94 वर्ष की आयु में निधन हो गया।
असम सरकार ने उनके सम्मान में बृहस्पतिवार को कछार जिले में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विस्वा शर्मा के नेतृत्व वाली असम सरकार ने दिवंगत कबींद्र पुरकायस्थ के निधन पर सम्मान स्वरूप कछार जिले में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।”
एक्स पर लिखा गया है, “यह श्रद्धांजलि जनता के सामूहिक शोक को दर्शाती है और उनके सार्थक योगदान के सम्मान में है। इससे लोगों को उन्हें श्रद्धांजलि देने तथा उनके जीवन और विरासत को स्मरण करने का अवसर मिलेगा।”
पुरकायस्थ ने सिलचर लोकसभा क्षेत्र का तीन बार प्रतिनिधित्व किया था। वह पहली बार 1991 में सांसद चुने गए थे जबकि इसके बाद 1998 और 2009 में वह दोबारा लोकसभा के सदस्य बने।
पुरकायस्थ 1998 और 1999 के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली पहली सरकार में केंद्रीय संचार राज्य मंत्री थे।
उनके पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए सिलचर स्थित भाजपा कार्यालय और जिला खेल परिसर में रखा गया था।
विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं से लेकर आम जनता तक ने पूर्वोत्तर क्षेत्र में भाजपा को मजबूत करने वालों में से एक पुरकायस्थ को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की।
पुरकायस्थ को पुष्पांजलि अर्पित करने वालों में भाजपा की असम इकाई के अध्यक्ष दिलीप सैकिया और सिलचर से ताल्लुक रखने वाली तृणमूल कांग्रेस की राज्यसभा सदस्य सुष्मिता देव शामिल रहीं।
गुवाहाटी में भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में भी एक शोक सभा आयोजित की गई, जिसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री बिजॉया चक्रवर्ती और गुवाहाटी से लोकसभा सदस्य बिजुली कलिता मेधी एवं अन्य लोगों ने पुरकायस्थ को श्रद्धांजलि दी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की असम इकाई ने भी दिवंगत नेता के सम्मान में बृहस्पतिवार को अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं।
कबींद्र पुरकायस्थ के परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं। उनके पुत्र कनाद पुरकायस्थ राज्यसभा सदस्य हैं। उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है।
भाषा धीरज