असम में नेता प्रतिपक्ष ने मतदाताओं के नाम 'गलत तरह' से हटाने पर चिंता जताई
संतोष
- 22 Jan 2026, 08:46 PM
- Updated: 08:46 PM
गुवाहाटी, 22 जनवरी 2026 (भाषा) असम विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष देबब्रता सैकिया ने बृहस्पतिवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) को पत्र लिखकर अपने नाजिरा निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान कई मतदाताओं के नाम गलत तरीके से हटाए जाने या उन पर अनुचित आपत्तियां जताए जाने को लेकर चिंता जताई।
कांग्रेस नेता सैकिया ने पत्र में दावा किया कि उनके निर्वाचन क्षेत्र के कई स्थायी निवासियों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय नेता मतदाता सूची में पहले से दर्ज वैध मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया में शामिल थे।
उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को लिखे पत्र में दावा किया कि प्रभावित होने वाले अधिकांश लोग इन क्षेत्रों के मूल निवासी हैं और स्वतंत्रता से पहले से रह रहे हैं।
सैकिया ने दावा किया कि कई मामलों में ग्राम प्रधान ने लिखित रूप में प्रमाणित किया है कि संबंधित मतदाता गांव के स्थायी निवासी हैं और वहां रह रहे हैं।
इस आधिकारिक प्रमाणन के बावजूद, उन मतदाताओं के नाम या तो सूची से हटा दिए गए हैं या उन पर गलत आपत्तियां दर्ज की गईं।
उन्होंने बताया कि बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) के साथ हुई चर्चा के दौरान यह सामने आया कि उनके पास भी नामों को हटाए जाने के कारणों के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं थी।
कांग्रेस नेता सैकिया ने कहा, ''यह मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया में पारदर्शिता, जवाबदेही और उचित प्रक्रिया के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़ा करता है, विशेष रूप से नाजिरा विधानसभा क्षेत्र में।''
देबब्रता सैकिया ने अपने पत्र में इस बात पर जोर दिया कि प्रभावित मतदाताओं में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल हैं।
सैकिया ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त से आग्रह किया कि नाजिरा सहित सभी विधानसभा क्षेत्रों में सत्यापन के बाद एक व्यापक समीक्षा कराई जाए ताकि झूठी, भ्रामक या गलत सूचना से संबंधित मामलों की पहचान हो सके जिसमें गलत तरीके से दर्ज किए गए 'मृत' मतदाताओं के मामले भी शामिल हों। उन्होंने कहा कि जहां भी चूक, लापरवाही, कदाचार या प्रक्रिया संबंधी अनियमितताएं पाई जाएं, वहां जिम्मेदारी तय की जाए।
भाषा प्रचेता नरेश संतोष
संतोष
2201 2046 गुवाहाटी