शाह ने नक्सलियों से की अपील; हिंसा की विचारधारा को छोड़ विकास की मुख्यधारा से जुड़ें
माधव
- 22 Jan 2026, 10:05 PM
- Updated: 10:05 PM
नयी दिल्ली, 22 जनवरी (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने झारखंड में सुरक्षा बलों के सफल अभियान की घोषणा करते हुए बृहस्पतिवार को नक्सलियों से हिंसा की विचारधारा त्यागने और मुख्यधारा में शामिल होने की एक बार फिर से अपील की।
झारखंड में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और राज्य पुलिस के संयुक्त अभियान में एक शीर्ष माओवादी सहित 16 नक्सलियों को मार गिराया गया।
शाह ने 31 मार्च से पहले देश से नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने के सरकार के संकल्प को दोहराते हुए संयुक्त अभियान को ''क्षेत्र को नक्सल मुक्त बनाने के अभियान में एक बड़ी सफलता'' बताया।
उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि पश्चिमी सिंहभूम में सीआरपीएफ और झारखंड पुलिस द्वारा चलाये जा रहे एक संयुक्त अभियान में एक करोड़ रुपये के कुख्यात इनामी नक्सली केंद्रीय समिति सदस्य अनल उर्फ पतिराम मांझी और 15 अन्य नक्सलियों के मारे जाने से नक्सलरोधी अभियान को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस के अनुसार, अनल पर 2.35 करोड़ रुपये का इनाम था।
गृह मंत्री ने नक्सलवाद को दशकों से भय और आतंक का पर्याय बताते हुए कहा, ''मेरी शेष बचे नक्सलियों से फिर अपील है कि वे हिंसा, आतंक और हथियारों से जोड़ने वाली विचारधारा को छोड़ विकास और विश्वास की मुख्यधारा से जुड़ें।''
अधिकारियों ने बताया कि किरीबुरु पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत सारंडा वन के कुमडी इलाके में सीआरपीएफ की विशिष्ट कोबरा इकाई के लगभग 1,500 कर्मियों द्वारा चलाया गया यह अभियान झारखंड में अब तक के सबसे बड़े माओवाद विरोधी अभियानों में से एक है।
सीआरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने 11 शवों की पहचान कर ली है, जबकि शेष माओवादियों की पहचान करने के प्रयास किये जा रहे हैं।
सीआरपीएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दावा किया कि मिसिर बेसरा को छोड़कर, झारखंड में भाकपा (माओवादी) के सभी केंद्रीय समिति सदस्य मारे गए हैं।
झारखंड के बोकारो में 3 मार्च 2006 को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) शिविर पर हुए हमले में अनल शामिल था, जिसमें पांच सीआईएसएफ जवान शहीद हो गए और दो अन्य घायल हुए थे।
वह जून 2019 में सरायकेला-खरसावां जिले के कुकरू हाट में पांच सुरक्षाकर्मियों की हत्या और मई 2025 में ओडिशा में पांच टन विस्फोटक लूटने में भी शामिल था।
भाषा सुभाष माधव
माधव
2201 2205 दिल्ली