मोटरसाइकिल सवार की जान लेने वाले गड्ढे के चारों ओर अवरोधक लगे हुए थे : दिल्ली जल बोर्ड का दावा
नरेश
- 06 Feb 2026, 08:06 PM
- Updated: 08:06 PM
नयी दिल्ली, छह फरवरी (भाषा) दिल्ली जल बोर्ड ने शुक्रवार को दावा किया कि जिस गड्ढे में कथित तौर पर गिरने से एक मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई, उसे हरे रंग के जाल से घेरा गया था और उस स्थान पर अवरोधक लगाये गए थे।
पुलिस ने बताया कि यह घटना शुक्रवार तड़के पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में हुई, जहां जल बोर्ड द्वारा निर्माण कार्य के लिए खोदे गये एक गड्ढे में गिरने से मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई।
दिल्ली जल बोर्ड ने अपने बयान में कहा, ''प्रारंभिक जांच में यह पाया गया है कि जिस सड़क पर कार्य जारी था, उसे अवरोधकों और हरे रंग के जाल का उपयोग करके बंद कर दिया गया था। गड्ढे को भी हरे रंग के जाल से घेरा गया था।''
जल बोर्ड ने घटनास्थल की एक तस्वीर और एक वीडियो भी पोस्ट की है, जिसमें अवरोधकों से घिरे हुए सड़क के हिस्से को दिखाया गया है, जिसके बीच में एक संकरा खुला स्थान है, लेकिन वहां हरे रंग का जाल लगा हुआ है।
जल बोर्ड के अनुसार, पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में सीवर पाइपलाइन बदलने का कार्य जारी है और इस परियोजना पर वह पिछले तीन महीनों से काम कर रहा है।
जल बोर्ड द्वारा पोस्ट किये गए एक वीडियो में देखा जा सकता है कि सड़क का एक हिस्सा बंद कर दिया गया है, जबकि दूसरे हिस्से पर कार्य जारी है।
जल बोर्ड के बयान के अनुसार, ''आम लोगों से अनुरोध है कि वे किसी भी असुरक्षित कार्यस्थल की सूचना जल बोर्ड के टोल-फ्री नंबर 1916 पर दें, ताकि त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।''
पिछले महीने नोएडा में एक बंद पड़े निर्माण स्थल पर एक व्यक्ति की डूबने से मौत होने की घटना के बाद, जल बोर्ड ने अपने सभी अधिकारियों को निर्माण स्थलों पर सुधारात्मक उपाय करने के लिए एक परिपत्र जारी किया था।
उक्त आदेश में कहा गया है कि यदि किसी भी स्थल पर सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित परियोजना/कार्य के संबंधित जूनियर इंजीनियर या सहायक इंजीनियर को तत्काल जिम्मेदार ठहराया जाएगा और संबंधित अधिशासी अभियंता की भी जिम्मेदारी तय की जाएगी।
जल बोर्ड ने मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय जांच समिति का गठन किया और उनसे शुक्रवार शाम तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।
भाषा सुभाष नरेश
नरेश
0602 2006 दिल्ली