देहरादून में दिन दहाड़े व्यवसायी की हत्या करने वाले दो आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
सुरभि
- 12 Feb 2026, 11:14 AM
- Updated: 11:14 AM
देहरादून, 12 फरवरी (भाषा) देहरादून में शहर के बीचोबीच दिन दहाड़े एक व्यवसायी की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने बृहस्पतिवार तड़के दो भाइयों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अमरदीप गैस एजेंसी के मालिक अर्जुन शर्मा (42) की बुधवार को तिब्बती मार्केट के बाहर स्कूटी से आए बदमाशों ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी थी।
देहरादून के पुलिस अधीक्षक (एसपी) (नगर) प्रमोद कुमार ने बताया कि हत्या के मामले में कथित हमलावर और उसके सहयोगी को अलग-अलग जगहों पर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजीव राणा और पंकज राणा के रूप में हुई है, जो भाई हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने हत्या करने की बात कबूल कर ली है और हत्या का कारण जानने के लिए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
हत्याकांड के मद्देनजर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह के निर्देश पर देहरादून जिले में सभी थाना क्षेत्रों में बदमाशों की धरपकड़ के लिए शहर से देहात तक लगातार नाकेबंदी व सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था।
उन्होंने बताया कि रायपुर क्षेत्र के लाडपुर में नाकेबंदी व सघन जांच के दौरान एक बदमाश ने पुलिस पर गोलियां चलायीं जिसके बाद जवाब में पुलिस ने भी गोलीबारी की। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया और उसे तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।
जांच के दौरान लालतप्पड़ में अन्य मुठभेड़ हुई जहां स्कूटी सवार बदमाश को पुलिस द्वारा रोके जाने पर वह पीछे की दिशा में भागकर एक खंडहरनुमा फैक्टरी में घुस गया और वहां से उसने पुलिस पर गोली चलायी। जवाबी गोलीबारी में उस बदमाश के भी पैर में गोली लग गयी जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
बदमाशों के कब्जे से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की गयी है।
एसएसपी अस्पताल पहुंचे और वहां पहुंचकर अधिकारियों से मुठभेड़ के बारे में जानकारी ली।
भाषा दीप्ति सुरभि
सुरभि
1202 1114 देहरादून