जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं डोटासरा: राजस्थान के मंत्री बेढम
खारी
- 13 Mar 2026, 12:49 AM
- Updated: 12:49 AM
जयपुर, 12 मार्च (भाषा) राजस्थान के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने बृहस्पतिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि वह जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
बेढम ने कहा कि राज्य सरकार आवश्यक वस्तुओं की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने कहा, "डोटासरा राजस्थान की जनता को भ्रमित करने के अवसर तलाशते रहते हैं और विकास से ज्यादा उनका ध्यान राजनीतिक लाभ पाने पर है। ऐसे समय में ओछी राजनीति करना अस्वीकार्य है।"
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरी निष्ठा के साथ आम जनता के कल्याण के लिए काम कर रही है।
बेढम की यह प्रतिक्रिया डोटासरा के उस बयान पर आई है जिसमें उन्होंने एलपीजी गैस आपूर्ति बाधित होने को लेकर केंद्र और राज्य सरकारों पर हमला बोला था।
डोटासरा ने कहा था कि केंद्र और राज्य सरकारें स्थिति संभालने में विफल रही हैं और लोगों को संकट से खुद निपटने के लिए छोड़ दिया है।
उन्होंने कहा था, "जैसे नोटबंदी के दौरान लोगों को कतारों में खड़ा किया गया था, वैसे ही अब गैस सिलेंडर के लिए कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है।"
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ ने भी डोटासरा पर निशाना साधते हुए उनके बयान को "गैर-जिम्मेदाराना" बताया और आरोप लगाया कि वे जनता में घबराहट फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
राठौड़ ने कहा कि संविधान अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता देता है, लेकिन जनप्रतिनिधियों की नैतिक जिम्मेदारी भी होती है कि वह विशेषकर मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में ईंधन आपूर्ति प्रभावित होने पर जिम्मेदारी से बयान दें।
उन्होंने कहा, "वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण पेट्रोल, एलपीजी और प्राकृतिक गैस जैसी पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति पर दबाव है, लेकिन राजस्थान में किसी तरह की कमी या कालाबाजारी देखने को नहीं मिली है।"
राठौड़ ने यह भी कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान भाजपा ने विपक्ष में रहते हुए कांग्रेस सरकार को राज्य में संकट से निपटने में सहयोग दिया था।
भाषा बाकोलिया खारी
खारी
1303 0049 जयपुर