कारोबारी से साढ़े आठ लाख रुपये की लूट के मामले में दिल्ली पुलिस के दो कर्मी गिरफ्तार
नरेश
- 01 Apr 2026, 07:32 PM
- Updated: 07:32 PM
नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में अजमल खान पार्क के निकट उत्तर प्रदेश के कारोबारी से 8.4 लाख रुपये की लूट के आरोप में दिल्ली पुलिस के दो कर्मियों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इन दोनों कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि देश बंधु गुप्ता (डीबीजी) रोड थाने में तैनात आरोपी उपनिरीक्षक महावीर और कांस्टेबल विक्की को 30 मार्च को गिरफ्तार किया गया और बाद में एक अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
इसने बताया कि यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश के जालौन निवासी दीपक सोनी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद की गई, जो 24 मार्च को दिल्ली आए थे।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सोनी नई आभूषण की एक दुकान खोलने की तैयारी कर रहे थे और सोना-चांदी खरीदने के लिए दिल्ली आए थे। सूत्रों ने बताया कि दिल्ली के ही रहने वाले अनिल नाम के व्यक्ति ने उससे संपर्क किया था और आभूषण दिलाने में मदद करने के बहाने उन्हें शहर में बुलाया था।
उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन अनिल, सोनी को अजमल खान पार्क के पास ले गया, जहां कथित तौर पर दो पुलिसकर्मी पहुंचे, जबरदस्ती कार में घुस गए और उन्हें धमकाने लगे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोनी ने दावा किया कि दोनों आरोपियों ने उनके पास 10.4 लाख रुपये नकद होने का वीडियो रिकॉर्ड किया और उन्हें नकली मुद्रा का तस्कर बताकर जेल भेजने की धमकी दी।
पुलिस ने बताया कि सोनी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी 8.4 लाख रुपये लेकर फरार हो गए।
उन्होंने कहा, ''शिकायत के बारे में 25 मार्च को मध्य दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कार्यालय को जानकारी दी गई। आरोपों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए।''
उन्होंने कहा कि शिकायत की गंभीरता को देखते हुए, दोनों कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया और प्रारंभिक जांच शुरू की गई। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान शिकायतकर्ता के आरोप सही साबित हुए।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 309(4) (लूट), 127(1) (गलत तरीके से कैद करना) और 3(4) (सामान्य इरादा) के तहत डीबीजी रोड थाने में मामला दर्ज किया गया है।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश
0104 1932 दिल्ली