मप्र: भाजपा विधायक के पुत्र पर थार से पांच लोगों को टक्कर मारने का आरोप, प्राथमिकी दर्ज
खारी
- 17 Apr 2026, 12:36 AM
- Updated: 12:36 AM
शिवपुरी (मध्यप्रदेश), 16 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के करेरा थाना क्षेत्र में भाजपा के एक विधायक के पुत्र ने थार गाड़ी से टक्कर मारकर मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों और पैदल चल रही दो महिलाओं को घायल कर दिया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक थार पर 'विधायक' लिखा था और वाहन कथित तौर पर दिनेश लोधी चला रहा था, जो पिछोर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक प्रीतम लोधी का पुत्र है।
करेरा थाना प्रभारी विनोद छावई ने बताया कि घटना सुबह करीब साढ़े सात बजे की है।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, संजय परिहार अपने साथियों आशीष परिहार और अंशुल परिहार के साथ मोटरसाइकिल से धनरा गांव मजदूरी के लिए जा रहे थे तभी पीछे से आई थार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे तीनों युवक सड़क पर गिर गए।
उन्होंने बताया कि इसके बाद वाहन ने पैदल चल रही सीता वर्मा और पूजा सोनी को भी टक्कर मार दी।
थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में संजय परिहार के हाथ-पैर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि सीता वर्मा और पूजा सोनी को कमर, कंधे और सिर में चोट लगी है।
छावई ने कहा कि घायलों के बयान और प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि थार पर ''विधायक'' लिखा था और वाहन दिनेश लोधी चला रहा था।
अधिकारी ने बताया कि मामले में आरोपी दिनेश लोधी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस बीच, सोशल मीडिया पर विधायक प्रीतम लोधी ने अपने पुत्र का बचाव न करते हुए पुलिस से निष्पक्ष कार्रवाई की अपील की है।
उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि विधायक के लिए पुत्र या परिवार बड़ा नहीं होता, जनता सर्वोपरि है और पीड़ितों को न्याय मिलना चाहिए।
इस बीच, कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बरोलिया ने आरोपी का एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, ''मध्यप्रदेश भाजपा विधायक (पिछोर) के पुत्र का घमंड अहंकार देखिए।''
उन्होंने कहा, ''पांच लोगों पर अपनी थार गाड़ी चढ़ा दी और अकड़ देखिए।''
बरोलिया ने इस मामले में सरकार और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
भाषा सं ब्रजेन्द्र खारी
खारी
1704 0036 शिवपुरी