उपराष्ट्रपति, नायडू और सचिन 27 अप्रैल को आंध्र विश्वविद्यालय के शताब्दी समारोह में भाग लेंगे
दिलीप
- 25 Apr 2026, 03:26 PM
- Updated: 03:26 PM
विशाखापत्तनम, 25 अप्रैल (भाषा) उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और दिग्गज भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर सहित कई अन्य प्रख्यात हस्तियों के 27 अप्रैल को यहां आंध्र विश्वविद्यालय के शताब्दी समारोह में भाग लेने की उम्मीद है।
मद्रास विश्वविद्यालय अधिनियम के तहत ब्रिटिश औपनिवेशिक काल के दौरान 1926 में स्थापित आंध्र विश्वविद्यालय का उद्देश्य राज्य के संपूर्ण भाषाई क्षेत्र की सेवा करना था, जो एक आवासीय शिक्षण-सह-संबद्ध बहु-विषयक विश्वविद्यालय के रूप में कार्य करता है।
सौ साल पुराने इस विश्वविद्यालय से कई जानी-मानी हस्तियों ने पढ़ाई की है, जिनमें भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के पूर्व गवर्नर डी सुब्बा राव, पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, ओडिशा के राज्यपाल के. हरि. बाबू, जीएमआर समूह के संस्थापक जी. मल्लिकार्जुन राव, सीवाईआईईएनटी संस्थापक एवं कार्यकारी अध्यक्ष बीवीआर मोहन रेड्डी, प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (पीटीआई) के प्रधान संपादक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय जोशी और कई अन्य शामिल हैं। जोशी ने विश्वविद्यालय से समुद्री भूविज्ञान में एमएससी की पढ़ाई की।
चार सौ 25 एकड़ के विशाल परिसर में स्थित, यह विश्वविद्यालय एक ओर कैलाश पहाड़ी और दूसरी ओर सुंदर बंगाल की खाड़ी के बीच बसा है, जो इसकी सुंदरता को और भी मनोरम बनाता है
प्रसिद्ध सांख्यिकीविद् सी.आर. राव विश्वविद्यालय के संस्थापक कुलपति थे। उनके बाद सर्वपल्ली राधाकृष्णन कुलपति बने, जो भारत के दूसरे राष्ट्रपति बने।
शताब्दी समारोह के कार्यक्रम के अनुसार, तेंदुलकर के सोमवार अपराह्न लगभग 2:30 बजे विशाखापत्तनम हवाई अड्डे पर पहुंचने और विश्वविद्यालय के लिए रवाना होने की उम्मीद है, जबकि उपराष्ट्रपति के शाम लगभग 4 बजे पहुंचने की उम्मीद है।
उपराष्ट्रपति के लिए सलामी गारद (गार्ड ऑफ ऑनर) और अन्य औपचारिकताओं के बाद, आंध्र विश्वविद्यालय राधाकृष्णन को सम्मानित करेगा।
बाद में, एक विशेष सिक्का, डाक टिकट, कॉफी टेबल बुक और विरासत पुस्तक जारी की जाएगी। उसके बाद डिजिटल उद्घाटन और डिजिटल तरीके से शिलान्यास समारोह होंगे।
वहीं, विश्वविद्यालय फ्लोरिडा विश्वविद्यालय, ऑक्समिक लैब्स इंक और भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के साथ समझौते करेगा।
इसके बाद तेंदुलकर, मुख्यमंत्री नायडू, राधाकृष्णन, राज्यपाल एस अब्दुल नज़ीर, आईटी मंत्री नारा लोकेश, तेलुगु फिल्म निर्देशक त्रिविक्रम श्रीनिवास और अन्य लोगों का संबोधन होगा।
संबोधनों के बाद, 10 विशिष्ट पूर्व छात्रों को उत्कृष्टता पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जिनमें वेंकैया नायडू, पूर्व गृह सचिव के पद्मनाभैया, आईआईटी दिल्ली के पूर्व निदेशक वी एस राजू, श्रीनिवास और अन्य शामिल हैं। बाद में, तेंदुलकर को सम्मानित किया जाएगा और अन्य कार्यक्रमों के साथ शताब्दी समारोह का समापन होगा।
भाषा अमित दिलीप
दिलीप
2504 1526 विशाखापत्तनम