वायरस के खतरे के बीच सबालेंका क्वार्टर फाइनल में, गॉफ और रायबाकिना बाहर
पंत
- 28 Apr 2026, 10:02 AM
- Updated: 10:02 AM
मैड्रिड, 28 अप्रैल (एपी) विश्व की नंबर एक खिलाड़ी एरीना सबालेंका ने मैड्रिड ओपन टेनिस टूर्नामेंट में खिलाड़ियों की बीमारी का कारण बने वायरस के खतरे और नाओमी ओसाका के जुझारू खेल से खुद को बचाते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
इगा स्वियातेक, कोको गॉफ, मारिन सिलिच और कुछ अन्य खिलाड़ी पेट में संक्रमण से प्रभावित हुए हैं लेकिन सबालेंका ने कहा कि वह साधारण आहार करके बीमारी से बचने की कोशिश कर रही है।
खिलाड़ियों के बीच यह अफवाह थी कि खराब झींगा टैको संक्रमण के लिए जिम्मेदार थे।
सबालेंका ने कहा, ''अभी तक तो सब ठीक है। मैंने सुना है कि मुझे उन टैकोस से परहेज करना होगा। मैं वही खाना खा रही हूं, जो मैं टूर्नामेंट की शुरुआत से खा रही हूं।''
रविवार को सोराना सिर्स्टिया पर जीत के दौरान गॉफ ने कोर्ट पर उल्टी कर दी थी लेकिन सोमवार को लिंडा नोस्कोवा से 6-4, 1-6, 7-6 (5) से हार के दौरान अमेरिकी खिलाड़ी में बीमारी के कोई लक्षण नहीं दिखे। लिंडा नोस्कोवा पिछले साल उपविजेता रही थीं।
छह बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन स्वियातेक ने शनिवार को मैच के बीच से हटने के बाद कहा, ''मैंने सुना है कि कोई वायरस फैल रहा है। मेरी तबीयत बहुत खराब है।''
सिलिच शुक्रवार को जोआओ फोन्सेका के खिलाफ अपना मैच नहीं खेल सके। उन्होंने कहा, ''दुर्भाग्य से मुझे फूड पॉइज़निंग हो गई है। मैंने अपनी तरफ से काफी कोशिश की लेकिन मैं मैच खेलने की स्थिति में नहीं हूं।''
मौजूदा चैंपियन सबालेंका ने चौथे दौर के मुकाबले में ओसाका के खिलाफ एक सेट और एक ब्रेक से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की। उन्होंने दो घंटे 20 मिनट तक चले मैच में 6-7 (1), 6-3, 6-2 से जीत हासिल की।
सबालेंका का अगला मुकाबला अमेरिकी खिलाड़ी हेली बैपटिस्ट से होगा, जिन्होंने बेलिंडा बेनसिच को 6-1, 6-7 (14), 6-3 से हराया। विश्व की दूसरे नंबर की खिलाड़ी एलेना रायबाकिना भी अनास्तासिया पोटापोवा से सीधे सेटों में हार गईं।
पुरुष वर्ग में 19 वर्षीय राफेल जोडर ही एकमात्र स्पेनिश खिलाड़ी बचे हैं क्योंकि अन्य स्थानीय खिलाड़ियों में डेनियल मेरिडा स्टेफानोस सिटसिपास से 6-4, 6-2 से और एलेजांद्रो डेविडोविच फोकिना मौजूदा चैंपियन कैस्पर रूड से 6-3, 6-1 से हार गए।
विश्व के दूसरे नंबर के खिलाड़ी और स्पेन के मौजूदा शीर्ष खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज़ ने दाहिनी कलाई में चोट के कारण टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया था।
एपी
पंत
पंत
2804 1002 मैड्रिड