इटर्नल का शुद्ध लाभ चौथी तिमाही में बढ़कर 174 करोड़ रुपये पर
रमण
- 28 Apr 2026, 07:24 PM
- Updated: 07:24 PM
नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (भाषा) जोमैटो और ब्लिंकिट का संचालन करने वाली कंपनी इटर्नल का एकीकृत शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में कई गुना बढ़कर 174 करोड़ रुपये रहा। मुख्य रूप से राजस्व बढ़ने से कंपनी का लाभ बढ़ा है।
कंपनी ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि कंपनी ने एक साल पहले 39 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया था।
इटर्नल के संस्थापक दीपेंद्र गोयल ने शेयरधारकों को लिखे एक पत्र में कहा कि कंपनी को 10 अरब डॉलर का वार्षिक शुद्ध ऑर्डर मूल्य हासिल करने में 18 साल लगे, लेकिन इसे दोगुना करके 20 अरब डॉलर तक पहुंचाने में दो साल से भी कम समय लगेगा। कंपनी को उम्मीद है कि वह ''वित्तवर्ष 2028-29 तक एक अरब डॉलर का समायोजित कर पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) हासिल कर लेगी।''
गोयल ने उन चिंताओं को भी खारिज कर दिया कि कृत्रिम मेधा 'चैट इंटरफेस' कंपनी के फूड डिलीवरी (जोमेटो) और क्विक कॉमर्स (ब्लिंकिट) व्यवसायों को बाधित कर सकते हैं। उन्होंने तर्क दिया कि ''उपभोक्ता व्यवहार दुनिया में सबसे मुश्किल चीज है जिसे बदलना आसान नहीं है और यह 'हमारे व्यवसाय को बाधित करने के करीब भी नहीं है।''
उन्होंने कहा, ''जो लोग सप्ताह में चार बार जोमेटो से रात का खाना ऑर्डर करते हैं या हर दूसरे दिन ब्लिंकिट से किराने का सामान ऑर्डर करते हैं, वे अपनी इन आदतों को किसी चैट विंडो के जरिए नहीं बदलेंगे। जो लोग एआई सहायकों के जरिए खाना ऑर्डर करने के प्रयोग को लेकर उत्साहित हैं, वे एक वास्तविक लेकिन शुरुआती वर्ग हैं और फिलहाल, वे हमारे व्यवसाय को बाधित करने के करीब भी नहीं हैं।''
इटर्नल के संस्थापक ने यह भी कहा कि भारत में हाल ही में हुई एलपीजी की कमी का 'अभी तक कोई खास असर नहीं पड़ा है।'
गोयल ने पत्र में कहा, ''प्रभावित इलाकों के कुछ रेस्तरां में अस्थायी रुकावट जरूर देखी गई, लेकिन मंच के स्तर पर काम पर कोई असर नहीं पड़ा।''
चौथी तिमाही में, इटर्नल का परिचालन राजस्व पिछले साल की इसी अवधि के 5,833 करोड़ रुपये से बढ़कर 17,292 करोड़ रुपये हो गया।
इसका कुल खर्च पिछले वित्तीय वर्ष की जनवरी-मार्च तिमाही के 6,104 करोड़ रुपये से बढ़कर 17,406 करोड़ रुपये हो गया।
पूरे वित्तवर्ष 2025-26 में, इटर्नल ने 366 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा अर्जित किया। पिछले वित्तवर्ष में कंपनी ने 527 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा अर्जित किया था।
इटर्नल लिमिटेड ने 27 अगस्त, 2024 को, वन-97 कम्युनिकेशन्स लिमिटेड से आर्बजेन टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड और वेस्टलैंड इंटरटेन्मेंट प्राइवेट लिमिटेड (डब्ल्यूईपीएल) का अधिग्रहण पूरा कर लिया। ये कंपनियाँ क्रमशः सिनेमा टिकटिंग और कार्यक्रमों के कारोबार से जुड़ी हैं।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण
2804 1924 दिल्ली