प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मितव्यता अपील के पक्ष मे आये महाराष्ट्र के मंत्री
वैभव
- 12 May 2026, 01:14 PM
- Updated: 01:14 PM
(फाइल फोटो के साथ)
मुंबई, 12 मई (भाषा) महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मितव्ययिता की अपील का मंगलवार को समर्थन करते हुए कहा कि वह अधिकतर सरकारी बैठकें ऑनलाइन करते हैं और जिलों के अधिकारियों को अनावश्यक रूप से मुंबई बुलाने से बचते हैं।
बावनकुले ने यहां पत्रकारों से यह भी कहा कि राज्य में मंत्री बहुत कम हवाई यात्रा करते हैं और केवल आपातकालीन स्थितियों में विमान से यात्रा करते हैं।
उन्होंने कहा, "मेरी अधिकतर बैठकें ऑनलाइन होती हैं। मैं जिलाधिकारियों को कभी अपने कार्यालय में नहीं बुलाता। मैं संभागीय आयुक्तों को भी अपने कार्यालय में नहीं बुलाता। अधिकतम बैठकें वर्चुअल माध्यम से होती हैं, जब जिलाधिकारी सोलापुर या नागपुर में ही रहते हैं। वे इस बात से अवगत हैं। मैं जिलाधिकारियों को बहुत कम ही बुलाता हूं।"
उन्होंने अत्यावश्यक स्थिति में ही विमान यात्रा करने का जिक्र करते हुए कहा, ''अगर आप पिछले एक साल के मेरे कार्यक्रम पर नज़र डालें, तो मैंने सिर्फ चार-पांच बार ही (विमान) यात्रा की है और वह भी बहुत जरूरी स्थितियों में। हमारे मंत्री ज्यादा यात्रा नहीं करते। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों के कार्यक्रम बेहद व्यस्त होते हैं और उनकी जिम्मेदारियां भी होती हैं, इसलिए उनकी बात अलग है। लेकिन इनके अलावा, राज्य के बहुत कम मंत्री हवाई जहाज़ का इस्तेमाल करते हैं।''
मंत्री ने कहा कि प्रोटोकॉल नियमों के तहत ये निर्देश भी जारी किए गए हैं कि जब तक बहुत जरूरी न हो जाए, तब तक अधिकारियों को यात्रा के लिए बाध्य न किया जाए।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि केंद्र सरकार पश्चिम एशिया संघर्ष के प्रतिकूल प्रभावों से लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है, इसलिए अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए ईंधन का विवेकपूर्ण उपयोग किया जाए, सोने की खरीद एवं विदेश यात्रा से बचा जाए।
उन्होंने पश्चिम एशिया में संकट के बीच विदेशी मुद्रा बचाने के लिए पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने, शहरों में मेट्रो रेल सेवाओं का उपयोग करने, 'कार पूलिंग' करने, इलेक्ट्रिक वाहनों का अधिक उपयोग करने, पार्सल परिवहन के लिए रेलवे सेवाओं का उपयोग करने और घर से काम करने का सुझाव दिया है।
भाषा राजकुमार वैभव
वैभव
1205 1314 मुंबई