दिल्ली में नवविवाहित महिला का शव पलंग के बॉक्स में मिला, पति फरार
पवनेश
- 12 May 2026, 09:31 PM
- Updated: 09:31 PM
नयी दिल्ली, 12 मई (भाषा) मध्य दिल्ली के नबी करीम इलाके में 28 वर्षीय नवविवाहित महिला का शव पलंग के 'बॉक्स' में से मिला है और घटना के बाद से उसका पति फरार है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि फरार पति अब मुख्य संदिग्ध है और दहेज उत्पीड़न का आरोप भी सामने आया है।
पुलिस ने बताया कि यह घटना आठ मई की रात को तब सामने आई जब लक्ष्मणपुरी इलाके में पुलिस को एक शख्स ने सूचना दी कि उसके किरायेदार के कमरे से बदबू आ रही है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और कमरे में पलंग में महिला का सड़ा हुआ शव मिला। लगभग 28 वर्षीय मृतक उत्तराखंड के हल्द्वानी की निवासी थी।"
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि महिला ने 26 अप्रैल को बिहार के वैशाली जिले के निवासी मोहम्मद एजाज से शादी की थी और शादी के कुछ समय बाद ही दंपति लक्ष्मी नगर स्थित घर में रहने लगे थे।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता और आरोपी दोनों एक ही समुदाय के थे और हाल में नबी करीम इलाके में साथ रहने आए थे।
पुलिस अधिकारी ने बताया, "जब शव बरामद हुआ तो पति कमरे में मौजूद नहीं था। उसे अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। नबी करीम थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।"
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान महिला के पिता ने एजाज और उसके भाई सरफराज पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
आरोपों के बाद सरफराज को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एजाज का पता लगाने के लिए टीमें छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस ने बताया कि कई टीमें गठित की गई हैं और वे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर महिला की मौत से पहले दंपति की गतिविधियों का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दंपति के दस्तावेजों की जांच की जा रही है, साथ ही आवास किराये पर लेते समय मकान मालिक को जमा किए गए पहचान पत्रों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों का पता लगाने के लिए तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
अधिकारी ने बताया, "आरोपी से जुड़े कई स्थानों पर छापेमारी की जा रही है, जिनमें उसके रिश्तेदारों के घर और पैतृक स्थान शामिल हैं।"
उन्होंने बताया कि मृतक महिला और आरोपी दोनों के परिवारवालों से शादी के बाद की घटनाओं का क्रम जानने और दहेज उत्पीड़न के आरोपों की पुष्टि करने के लिए पूछताछ की जा रही है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि जांचकर्ताओं को आरोपी की गतिविधियों और छिपने के संभावित स्थानों के बारे में कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।
पुलिस कहा कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
भाषा नोमान नोमान पवनेश
पवनेश
1205 2131 दिल्ली