एशिया के नंबर एक ट्रैप निशानेबाज जोरावर एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम से बाहर
मोना
- 13 May 2026, 02:05 PM
- Updated: 02:05 PM
नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) एशिया में नंबर एक और विश्व रैंकिंग में छठे नंबर के ट्रैप निशानेबाज जोरावर सिंह संधू को इस वर्ष के आखिर में होने वाले एशियाई खेलों के लिए भारत की संभावित शॉटगन टीम में शामिल नहीं किया गया है जबकि वह देश के शीर्ष ट्रैप निशानेबाजों में से एक हैं और उन्होंने पिछले वर्ष विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था।
राष्ट्रीय चैंपियनशिप और घरेलू चयन ट्रायल के दौरान जोरावर का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। विश्व चैंपियनशिप और विश्व कप फाइनल्स की तैयारी में व्यस्त होने के बावजूद उनके लिए इन प्रतियोगिताओं में भाग लेना अनिवार्य था।
राष्ट्रीय ट्रायल्स में निराशाजनक प्रदर्शन के कारण उन्हें एशियाई खेलों के लिए संभावित टीम में जगह नहीं मिली है। वह एक महीने पहले तक विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर थे।
जोरावर ने भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) से अपने फैसले पर फिर से विचार करने का आग्रह किया है। उन्होंने तर्क दिया है कि पिछले छह महीनों में भारतीय ट्रैप निशानेबाजों में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ स्कोर हासिल किया है।
एनआरएआई ने हालांकि स्पष्ट किया है कि वह ''डेढ़ साल पहले लागू की गई चयन नीति का सख्ती से पालन करेगा।''
एनआरएआई के महासचिव पवन कुमार सिंह ने कहा कि पुरुषों की संभावित ट्रैप टीम में बदलाव होने की किसी भी तरह की संभावना नहीं है। इस टीम में काइनन चेनाई, अहवर रिजवी और शपथ भारद्वाज शामिल हैं, जो 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक आइची-नागोया में होने वाले एशियाई खेलों में भाग लेंगे।
47 वर्षीय ज़ोरावर पिछले साल अक्टूबर में एथेंस में विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर ट्रैप शूटिंग में पदक जीतने वाले तीसरे भारतीय निशानेबाज बने थे। उन्होंने विश्व कप फाइनल्स में भी पदक दौर तक जगह बनाई, लेकिन आखिर में सातवें स्थान पर रहे।
जोरावर ने पीटीआई से कहा, ''एनआरएआई को टीम के चयन पर फिर से विचार करना चाहिए लेकिन उनका फैसला जो भी होगा उसे मुझे स्वीकार करना होगा। मैं अभी एशिया का नंबर एक और विश्व में छठे नंबर का निशानेबाज हूं और इसे ध्यान में रखते हुए महासंघ को अपने फैसले पर फिर से विचार करना चाहिए। मैंने इस महीने कजाकिस्तान में हुए विश्व कप में भारतीय खिलाड़ियों में सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाया था।''
एनआरएआई के महासचिव पवनकुमार सिंह ने हालांकि ऐसी किसी संभावना से इनकार कर दिया।
उन्होंने कहा, ''यह लगभग 99 प्रतिशत तय है कि यही टीम एशियाई खेलों में भाग लेगी।''
भाषा
पंत मोना
मोना
1305 1405 दिल्ली