कोलकाता में फैक्ट्री में आग लगने के मामले में मुख्यमंत्री ने दिए कार्रवाई के निर्देश
मनीषा
- 13 May 2026, 05:27 PM
- Updated: 05:27 PM
कोलकाता, 13 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने तिलजला की फैक्ट्री में आग लगने की घटना में दो लोगों की मौत के बाद अवैध निर्माणों पर कार्रवाई के क्रम में एजेंसियों को निर्देश दिया कि बिना स्वीकृत भवन मानचित्र के संचालित हो रहे कारखानों की बिजली और पानी की आपूर्ति काट दी जाए।
आग की घटना के मामले में चार सदस्यीय जांच समिति के निष्कर्षों की समीक्षा के बाद राज्य सचिवालय 'नबान्न' में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि तिलजला में फैक्ट्री अवैध रूप से संचालित हो रही थी और इसमें आग और बिजली से जुड़ी सुरक्षा के बुनियादी इंतजाम भी नहीं थे।
मंगलवार दोपहर को कोलकाता के तिलजला इलाके में एक इमारत में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य लोग झुलस गए।
अधिकारी ने कहा, ''हमने चार विभागों की एक टीम बनाई और उनसे रिपोर्ट मांगी। रिपोर्ट में पाया गया कि यह इमारत अवैध थी, इसके पास कोई स्वीकृत भवन मानचित्र नहीं था, और आग से सुरक्षा और बिजली से जुड़े बुनियादी नियमों का पालन नहीं किया गया था। यह पूरी तरह से अवैध थी।''
अधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार ने बिजली कंपनी सीईएससी लिमिटेड को निर्देश दिया है कि वह बिना स्वीकृत भवन मानचित्र वाली अवैध फैक्ट्रियों की बिजली हमेशा के लिए काट दे।
उन्होंने कहा, ''हमने सीईएससी को निर्देश दिया है कि वह विशेष रूप से तिलजला, कसबा, मोमिनपुर और इकबालपुर इलाकों में इसी तरह की इकाइयों का आंतरिक ऑडिट करे और बिना स्वीकृत भवन मानचित्र के संचालित हो रहीं फैक्ट्रियों की बिजली आपूर्ति स्थायी रूप से काट दे।''
मुख्यमंत्री ने शहरी विकास विभाग और कोलकाता नगर निगम (केएमसी) को भी निर्देश दिए गए हैं कि वह कोलकाता पुलिस की मदद से एक दिन के अंदर इस अवैध इमारत को गिरा दे।
उन्होंने कहा, ''केएमसी को इस तरह की खतरनाक और अवैध फैक्ट्रियों की जल आपूर्ति भी रोकने का निर्देश दिया गया है। अवैध गतिविधियों और भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाई जाएगी।''
अधिकारी ने कहा, ''हम अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों को इस तरह की गतिविधियों से दूरी बनाने का सख्त निर्देश जारी करते हैं।''
मुख्यमंत्री ने कहा कि फैक्ट्री मालिक और एक अन्य व्यक्ति को तिलजला की घटना के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है।
तिलजला में इमारत की पहली मंज़िल पर आग लगी थी, जिसका इस्तेमाल चमड़े के गोदाम के तौर पर किया जाता था। दोपहर करीब 1.45 बजे आग भड़की और देखते ही देखते लपटें फैल गईं, जिससे पूरा इलाका घने काले धुएं से भर गया।
भाषा वैभव मनीषा
मनीषा
1305 1727 कोलकाता