केरल के मुख्यमंत्री का चयन करने को लेकर उत्पन्न मतभेदों को आसानी से सुलझा लिया जाएगा : वेणुगोपाल
संतोष
- 15 May 2026, 10:21 PM
- Updated: 10:21 PM
तिरुवनंतपुरम, 15 मई (भाषा) अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शुक्रवार को कहा कि केरल के मुख्यमंत्री के चयन को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के बीच मतभेदों को आसानी से सुलझा लिया जाएगा, जिनमें रमेश चेन्निथला से जुड़े मुद्दे भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल रहे वेणुगोपाल का तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे पर पार्टी नेताओं और समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया।
उन्होंने कहा, ''सब कुछ आसानी से सुलझा लिया जाएगा। केरल में कांग्रेस नेता अनुशासित हैं और पार्टी के फैसलों का पालन करते हैं। मैंने रमेश चेन्निथला से बात की है और मुख्यमंत्री पद के लिए नामित नेता भी उनके संपर्क में हैं। सभी मुद्दे सौहार्दपूर्ण ढंग से हल हो जाएंगे।''
एआईसीसी द्वारा वीडी सतीशन को केरल का अगला मुख्यमंत्री घोषित किये जाने के तुरंत बाद, चेन्निथला ने अपने घर से गुरुवयूर स्थित श्री कृष्ण मंदिर दर्शन के लिए चले गए थे।
उन्होंने बृहस्पतिवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक में और शुक्रवार को संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की चर्चा में हिस्सा नहीं लिया।
वेणुगोपाल से जब पूछा गया कि क्या चेन्निथला मंत्रिमंडल का हिस्सा होंगे, तो उन्होंने कहा कि इस मामले पर पार्टी नेतृत्व द्वारा चर्चा की जाएगी।
एआईसीसी महासचिव के रूप में इस मामले में हस्तक्षेप करने के बारे में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा, ''आप (प्रेस) ने मेरी बहुत खिंचाई की है। क्या यह काफी नहीं है? अब तो कुछ भी कहने के लिए बचा ही नहीं है।''
मुख्यमंत्री पद के लिए नामित न किए जाने पर अपने समर्थकों के बीच फैली निराशा का जवाब देते हुए अलाप्पुझा के लोकसभा सदस्य ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को नेतृत्व के फैसले को स्वीकार करके आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने कहा, ''मैं पार्टी के फैसले को स्वीकार करता हूं। इस पर आगे चर्चा करने की कोई जरूरत नहीं है।''
वेणुगोपाल ने कहा, ''अन्य विवादों में न पड़ें। पिछले दो दिनों से मैं 'केसी गुट' की चर्चा सुन रहा हूं। ऐसे गुटों की कोई जरूरत नहीं है। अच्छे मंत्री होंगे और सक्षम कांग्रेस विधायक चुने गए हैं।''
एआईसीसी महासचिव से जब हवाई अड्डे पर स्वागत करने वाले समर्थकों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि मौके पर मौजूद केपीसीसी (केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ) अध्यक्ष सनी जोसेफ किसी भी गुट से संबंधित नहीं थे।
उन्होंने कहा, ''आपको यह समझना चाहिए कि हमारी पार्टी बहुत अच्छी है। विचारों में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन यह यहीं समाप्त होना चाहिए और हमें सरकार का समर्थन करना चाहिए।''
वेणुगोपाल ने दोहराया कि उनकी सबसे बड़ी इच्छा जीवनपर्यंत कांग्रेसी बने रहने की है।
भाषा धीरज संतोष
संतोष
1505 2221 तिरुवनंतपुरम