आईयूएमएल है 'भाई समान दल', धर्मनिरपेक्षता के लिए अहम : सतीशन
नेत्रपाल
- 16 May 2026, 04:34 PM
- Updated: 04:34 PM
तिरुवनंतपुरम, 16 मई (भाषा) केरल के नामित मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने शनिवार कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के घटक दल 'इंडियन यूनाइटेड मुस्लिम लीग' (आईयूएमएल) को ''भाई समान दल'' करार दिया और कहा कि राज्य में धर्मनिरपेक्ष ताने-बाने को बचाने में उसकी भूमिका अहम रही है।
सतीशन का यह बयान ऐसे समय आया है जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और दो हिंदू जातियों के संगठन ने आईयूएमएल के दबाव की वजह से सतीशन को मुख्यमंत्री बनाने का दावा करते हुए पूरी प्रक्रिया की आलोचना की है।
सतीशन ने यहां आईयूएमएल के नेताओं से उनके कार्यालय में मुलाकात की और पार्टी नेतृत्व के साथ चर्चा की।
उन्होंने कहा, ''आईयूएमएल यूडीएफ की राजनीति के प्रमुख केंद्रों में से एक है। हमने यूडीएफ टीम के रूप में काम किया, जो पहले कभी नहीं देखा गया। हमने आईयूएमएल के प्रदेश अध्यक्ष सैयद सादिक अली शिहाब थंगल के समर्थन से विधानसभा के अंदर और बाहर एक इकाई के रूप में कार्य किया।''
सतीशन ने कहा कि यूडीएफ ने एक मजबूत धर्मनिरपेक्ष रुख अपनाया है, जिसे केरल की जनता का समर्थन प्राप्त है।
उन्होंने कहा, ''इस रुख के पीछे थंगल की भूमिका थी। मुनंबम और पल्लुरुथी जैसे मुद्दों पर सांप्रदायिक अभियान चलाकर कई ताकतों ने फूट डालने की कोशिश की। लेकिन आईयूएमएल और थंगल द्वारा लिया गया रुख मुझे आश्चर्यचकित कर गया।''
कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री पद के लिए नामित सतीशन ने कहा कि बाबरी मस्जिद विध्वंस के दौरान भी आईयूएमएल नेतृत्व ने इसी तरह का धर्मनिरपेक्ष रुख अपनाया था।
उन्होंने कहा कि आईयूएमएल ने लगातार यूडीएफ के धर्मनिरपेक्ष रुख का समर्थन किया है और पार्टी के किसी भी नेता ने सांप्रदायिक टिप्पणी नहीं की है।
सतीशन ने कहा, ''अगर आईयूएमएल कमजोर पड़ जाए, तो उसकी जगह कौन लेगा? यह एक बड़ा सवाल है। तब तो केरल राज्य ही खतरे में पड़ जाएगा। हम भाईचारे वाले संगठन हैं और एक साथ खड़े हैं।''
उन्होंने कहा कि आईयूएमएल ने उन निर्वाचन क्षेत्रों में कई कांग्रेस उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है जहां उसका मजबूत प्रभाव है। उन्होंने कहा कि अन्य सहयोगियों ने भी यूडीएफ में एक-दूसरे का समर्थन किया है।
सतीशन ने कहा कि सरकार में भी आईयूएमएल के साथ इसी तरह का समन्वय जारी रहेगा और वे राज्य के विकास के लिए मिलकर काम करेंगे।
अपने मंत्रिमंडल में मंत्रियों को दिए जाने वाले विभाग के बारे में कांग्रेस नेता ने कहा कि चर्चा का प्रारंभिक चरण पूरा हो चुका है और रविवार को विवरण की घोषणा की जाएगी।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) द्वारा सतीशन को मुख्यमंत्री नामित किए जाने के बाद, भाजपा नेताओं, नायर सर्विस सोसाइटी (एनएसएस) के महासचिव जी सुकुमारन नायर और श्री नारायण धर्म परिपालना (एसएनडीपी) योगम के महासचिव वेल्लापल्ली नटेसन ने आरोप लगाया कि उन्हें आईयूएमएल के दबाव में इस पद के लिए चुना गया।
भाषा धीरज नेत्रपाल
नेत्रपाल
नेत्रपाल
1605 1634 तिरुवनंतपुरम