गुरुग्राम में जमीन अधिग्रहण, निर्माण पर 3,500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी सिग्नेचर ग्लोबल : चेयरमैन
अजय
- 17 May 2026, 11:02 AM
- Updated: 11:02 AM
नयी दिल्ली, 17 मई (भाषा)। रियल एस्टेट क्षेत्र की प्रमुख कंपनी सिग्नेचर ग्लोबल ने गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में अपने कारोबार के विस्तार को लेकर बड़ा निवेश करने की योजना बनाई है।
कंपनी के चेयरमैन प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि सिग्नेचर ग्लोबल चालू वित्त वर्ष में गुरुग्राम क्षेत्र में जमीन अधिग्रहण और निर्माण गतिविधियों पर करीब 3,500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
अग्रवाल ने पीटीआई-भाषा के साथ साक्षात्कार में कहा कि वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बावजूद आवास बाजार की मांग को लेकर कंपनी का रुख सकारात्मक बना हुआ है। उन्होंने माना कि वर्ष 2025-26 की दूसरी छमाही में गुरुग्राम के आवास बाजार में मांग में कुछ नरमी देखने को मिली थी, लेकिन उनका मानना है कि चालू वित्त वर्ष में बाजार फिर सामान्य रफ्तार पकड़ लेगा।
अग्रवाल ने बताया कि कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए बिक्री बुकिंग में 21 प्रतिशत वृद्धि का लक्ष्य तय किया है। कंपनी का उद्देश्य इस दौरान 10,000 करोड़ रुपये की बिक्री हासिल करना है। यह लक्ष्य नई परियोजनाओं की पेशकश और निर्माणाधीन परियोजनाओं में उपलब्ध शेष बचे मकानों की बिक्री के जरिये पूरा करने की योजना है।
उन्होंने कहा कि कंपनी चालू वित्त वर्ष में निर्माण गतिविधियों पर करीब 2,000 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इसके अलावा जमीन अधिग्रहण पर 1,000 से 1,500 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले वित्त वर्ष में कंपनी ने जमीन अधिग्रहण पर करीब 700 करोड़ रुपये खर्च किए थे।
अग्रवाल के अनुसार, कंपनी गुरुग्राम जिले और आसपास के इलाकों में कई जमीन के टुकड़ों को देख रही है और जल्द कुछ बड़े सौदे पूरे होने की संभावना है। उन्होंने कहा, "हम अपने कारोबार को बढ़ाने के लिए लगातार बेहतर अवसरों की तलाश कर रहे हैं।"
कंपनी अब केवल आवास परियोजनाओं तक सीमित नहीं रहना चाहती। इसी रणनीति के तहत उसने वाणिज्यिक रियल एस्टेट क्षेत्र में भी कदम रखा है। इसके लिए सिग्नेचर ग्लोबल ने बेंगलुरु स्थित आरएमजेड समूह के साथ साझेदारी की है।
हालांकि, पिछले वित्त वर्ष में कंपनी की बिक्री बुकिंग में गिरावट दर्ज की गई। वित्त वर्ष 2025-26 में बिक्री बुकिंग 20 प्रतिशत घटकर 8,250 करोड़ रुपये रही, जबकि इससे पिछले वर्ष यह 10,290 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर थी। इसी दौरान कंपनी ने 2,114 मकानों की बिक्री की, जो पिछले वर्ष बेची गई 4,130 इकाइयों की तुलना में कम है।
इसके बावजूद कंपनी की औसत बिक्री प्राप्ति में बढ़ोतरी हुई है। पिछले वित्त वर्ष में औसत बिक्री मूल्य बढ़कर 15,250 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गया, जबकि इससे पहले यह 12,457 रुपये प्रति वर्ग फुट था। कंपनी के अनुसार प्रीमियम श्रेणी की परियोजनाओं में अधिक बिक्री और प्रमुख इलाकों में कीमतों में तेजी इसका मुख्य कारण रही।
भाषा अजय अजय
अजय
1705 1102 दिली