ओडिशा: शिकायत दर्ज कराने गई लड़की पुलिस अधिकारी के धमकाने के बाद हुई बेहोश
नरेश
- 17 May 2026, 09:46 PM
- Updated: 09:46 PM
बारिपदा (ओडिशा), 17 मई (भाषा) ओडिशा के मयूरभंज जिले में प्रताड़ना का मामला दर्ज कराने गई 15 वर्षीय लड़की उस समय बेहोश हो गई, जब एक पुलिस अधिकारी ने कथित तौर पर उसे धमकाया कि शिकायत झूठी निकली तो उसे जेल हो सकती है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
विपक्षी पार्टी बीजू जनता दल (बीजद) ने अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए उस पर शनिवार को मोराडा पुलिस थाने के अंदर किशोरी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया।
लड़की को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उस व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है जिसने कथित तौर पर बार-बार लड़की को प्यार का प्रस्ताव दिया और उसे मानसिक उत्पीड़न का शिकार बनाया।
परिवार ने मोराडा थाना के प्रभारी निरीक्षक के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई और मयूरभंज पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की। प्रभारी निरीक्षक से इस मामले पर टिप्पणी के लिए संपर्क नहीं हो सका।
जब लड़की अपनी मां के साथ थाने गई, तो आरोप है कि प्रभारी निरीक्षक ने उससे बेतुके सवाल पूछे और उसकी शिकायत स्वीकार करने के बजाय उसे और परेशान किया।
बाद में परिवार वालों ने बेतनोटी की उप खंड पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) मिनाती बिस्वाल से फोन पर संपर्क किया और उनसे प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया।
एसडीपीओ के निर्देश पर, मोराडा थाने के प्रभारी निरीक्षक सुमीत सोरन ने प्राथमिकी दर्ज की लेकिन कथित तौर पर लड़की को धमकी दी कि अगर उसने झूठी शिकायत की तो उसे जेल भेज दिया जाएगा।
थाने से निकलने के तुरंत बाद, लड़की बेहोश हो गई। अधिकारियों ने बताया कि उसे बेहोशी की हालत में स्थानीय अस्पताल ले जाया गया और बाद में जब उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ तो उसे आगे के इलाज के लिए बारिपदा स्थित जिला मुख्यालय अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।
लड़की ने हाल में दसवीं कक्षा की परीक्षा उत्तीर्ण की थी।
पीड़िता की मां ने अपनी बेटी की बिगड़ती सेहत के लिए प्रभारी निरीक्षक को दोषी ठहराया और आरोप लगाया है कि धमकियों के कारण उसे गंभीर मानसिक पीड़ा हुई है।
मयूरभंज के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) दीपक कुमार गोचायत ने कहा, ''नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ करने वाले आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।''
उन्होंने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
मोराडा थाने के प्रभारी निरीक्षक के खिलाफ लगे आरोपों के बारे में पूछे जाने पर एएसपी ने कहा, ''थाने में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। वरिष्ठ अधिकारी लड़की के परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कर रहे हैं। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो आरोपी पुलिस अधिकारी के खिलाफ निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।''
बीजद के मयूरभंज जिला अध्यक्ष सुदाम मरांडी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने लड़की और उसके परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और ''दोषी'' पुलिस अधिकारी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।
भाषा आशीष नरेश
नरेश
1705 2146 बारिपदा