हिमाचल: शहरी निकाय चुनावों में 69.16 प्रतिशत मतदान
सुरेश
- 17 May 2026, 09:49 PM
- Updated: 09:49 PM
शिमला, 17 मई (भाषा) हिमाचल प्रदेश में 51 शहरी स्थानीय निकायों के लिए चुनाव के तहत रविवार को 69.16 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
राज्य के मुख्य निर्वाचन आयुक्त अनिल खाची ने बताया कि पूरे राज्य में मतदान शांतिपूर्ण रहा।
उन्होंने कहा कि नगर परिषदों और नगर पंचायतों में 72.42 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि नगर निगमों में 63.44 प्रतिशत मतदान हुआ, हालांकि मतदान का यह प्रतिशत थोड़ा अधिक हो सकता है।
हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला, सोलन, मंडी और पालमपुर नगर निगमों सहित 51 शहरी निकायों के लिए मतदान रविवार सुबह शुरू हुआ और अपराह्न तीन बजे समाप्त हुआ। इन चार नगर निगमों के 64 वार्ड, 25 नगर परिषदों के 229 वार्ड और 22 नगर पंचायतों के 156 वार्ड के लिए मतदान एक ही चरण में कराये गये हैं। इस चुनाव में 449 पदों के लिए 1,147 उम्मीदवार मैदान में थे।
चंबा में नगर परिषद चुनाव में मताधिकार का इस्तेमाल करने जा रहे 70-वर्षीय अंजन शर्मा की मतदान केंद्र के पास ही मृत्यु हो गई। प्रारंभिक खबरों के अनुसार, उन्हें दिल का दौरा पड़ा था।
ऊना से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक सतपाल सिंह सत्ती जब अपने निर्वाचन क्षेत्र सांतागढ़ के वार्ड नंबर-छह में एक बूथ में दाखिल हुए तो कुछ हंगामा मच गया।
कांगड़ा जिले के धर्मशाला और पालमपुर नगर निगमों में मतदान प्रतिशत 63.72 प्रतिशत रहा, मंडी में मत प्रतिशत 68.78 और सोलन में 58.32 प्रतिशत दर्ज किया गया। कांगड़ा और मंडी में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक रही, जबकि सोलन जिले के नगर निगम चुनावों में पुरुष मतदाताओं की संख्या अधिक रही।
नगर परिषदों और नगर पंचायतों में सबसे अधिक मतदान प्रतिशत हमीरपुर में रहा, जहां 78.89 मतदान हुआ, उसके बाद शिमला में 77.36, ऊना में 77, सोलन में 76.94, कांगड़ा में 74.51, मंडी में 73.35, बिलासपुर में 72.06, चंबा में 68.22, कुल्लू में 67.80 और सिरमौर जिले में 67.24 प्रतिशत लोगों ने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
नगर परिषदों और नगर पंचायतों के लिए मतगणना शुरू हो गई है।
अधिकारियों ने बताया कि चार नगर निगमों के लिए मतगणना 31 मई को होगी और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) को कड़ी सुरक्षा के तहत सुरक्षित कमरों में रख दिया गया है।
इन चार नगर निगमों में पार्टी आधारित चुनाव लड़े जा रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार (92) ने पालमपुर नगर निगम चुनाव के लिए अपना मताधिकार का इस्तेमाल किया और उन्होंने कहा कि उन्हें इस उम्र में वोट डालने का अवसर मिलने पर खुशी है।
कुल 3,60,859 लोग मतदान के पात्र हैं, जिनमें 1,80,963 पुरुष, 1,79,882 महिलाएं और 14 अन्य शामिल हैं।
भाषा यासिर सुरेश
सुरेश
1705 2149 शिमला