छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में कांग्रेस कार्यालय से चोरों ने 73 नल चुराए
रंजन
- 18 May 2026, 03:52 PM
- Updated: 03:52 PM
अंबिकापुर (छत्तीसगढ़), 18 मई (भाषा) छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मुख्यालय अंबिकापुर में कांग्रेस के जिला कार्यालय 'राजीव भवन' से कुछ अज्ञात चोरों ने कथित तौर पर 70 से अधिक नल चुरा लिए। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
चोरों ने वॉशरूम में तोड़फोड़ भी की और हाथ से लिखा संदेश छोड़ा, जिसमें लिखा था "आई लव अंबिकापुर"। ऐसा लगता है कि चोरों ने पुलिस का मजाक उड़ाने के लिए ऐसा किया।
हाल के महीनों में कांग्रेस कार्यालय में चोरी की यह तीसरी घटना है।
पुलिस ने इस घटना में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
पार्टी की सरगुजा जिला इकाई के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने बताया कि चोरी की यह घटना 14 और 15 मई की दरमियानी रात को घड़ी चौक के पास स्थित पार्टी कार्यालय में हुई।
पाठक ने कहा, "चोर छत के रास्ते कार्यालय में घुसे और अलग-अलग वॉशरूम में लगे 73 नल उखाड़ ले गए। उन्होंने कई वॉश बेसिन, कमोड के फ्लश सिस्टम और पाइपलाइनों को भी नुकसान पहुंचाया।"
उन्होंने बताया कि चोरों ने सीढ़ियों पर लगी एक स्टील की ग्रिल को भी उखाड़ने की कोशिश की, लेकिन वे उसे ले जाने में कामयाब नहीं हो पाए और उसे इमारत की ऊपरी मंज़िल पर ही छोड़ गए।
उन्होंने बताया कि इस घटना का पता तब चला जब 15 मई की सुबह कार्यालय का देखरेख करने वाले ने कार्यालय खोला और पार्टी नेताओं को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
पाठक ने कहा कि हाल के दिनों में कांग्रेस कार्यालय में चोरी की यह तीसरी घटना है।
उन्होंने आरोप लगाया, "चोरों की यह हिमाकत, कि उन्होंने जमीन पर मैसेज भी छोड़ा, कानून-व्यवस्था और पुलिस के लिए एक सीधी चुनौती है।"
उन्होंने दावा किया कि शहर में सक्रिय नशेड़ी और असामाजिक तत्व इस घटना के पीछे हो सकते हैं।
पार्टी द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में, वॉशरूम की धूल भरी ज़मीन पर हाथ से लिखे शब्द "आई लव अंबिकापुर" साफ देखे जा सकते हैं।
पाठक ने आगे आरोप लगाया कि शहर की कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती जा रही है और दावा किया कि पुलिस की रात की गश्त सिर्फ कागजों तक ही सीमित है।
उन्होंने आरोप लगाया, "सिर्फ़ आम लोग ही नहीं, बल्कि राजनीतिक पार्टियों के दफ़्तर भी अब सुरक्षित नहीं रहे। पुलिसकर्मी वीआईपी प्रोटोकॉल ड्यूटी संभालने में व्यस्त रहते हैं।''
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि चोरी की इस घटना से 80 हजार रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ घर में घुसने और चोरी से जुड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
उन्होंने आगे कहा कि इस मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। भाषा सं संजीव रंजन
रंजन
1805 1552 अंबिकापुर