प्रधानमंत्री मोदी ने ओस्लो में नॉर्वे के महाराजा से मुलाकात की
जोहेब
- 18 May 2026, 11:43 PM
- Updated: 11:43 PM
ओस्लो, 18 मई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को ओस्लो के शाही महल में नॉर्वे के महाराजा हेराल्ड पंचम से मुलाकात की और भारत में तेजी से हो रहे बदलावों तथा नॉर्वे के व्यवसायों के लिए देश में उभरते अवसरों का जिक्र किया।
मोदी स्वीडन की यात्रा पूरी कर सोमवार को नॉर्वे के दो दिवसीय दौरे पर ओस्लो पहुंचे।
प्रधानमंत्री ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "ओस्लो में मैंने नॉर्वे के महाराजा हेराल्ड पंचम से मुलाकात की। हमारे बीच भारत-नॉर्वे की दोस्ती और अपने-अपने देशवासियों के हित में विभिन्न क्षेत्रों में मिलकर काम करने के तरीकों पर शानदार बातचीत हुई।"
एक बयान के मुताबिक, महाराजा हेराल्ड पंचम से मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री ने उन्हें भारत की जनता की ओर से शुभकामनाएं दीं।
बयान में कहा गया है, "मोदी ने नॉर्वे की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत और नॉर्वे के बीच लंबे समय से जारी लोकतंत्र, कानून के शासन और जन-केंद्रित शासन के साझा मूल्यों पर आधारित दोस्ती लगातार मजबूत होती जा रही है।"
बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी और महाराजा हेराल्ड पंचम ने विभिन्न क्षेत्रों, विशेष रूप से नयी प्रौद्योगिकियों में भारत और नॉर्वे की कंपनियों को हासिल हुईं उपलब्धियों पर भी चर्चा की।
महाराजा हेराल्ड पंचम ने मोदी को नॉर्वे के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'ग्रैंड क्रॉस ऑफ द रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट' से सम्मानित किया। प्रधानमंत्री को यह सम्मान भारत-नॉर्वे संबंधों को आगे बढ़ाने में उनके योगदान तथा उनके दूरदर्शी नेतृत्व के लिए दिया गया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "प्रधानमंत्री ने भारत में तेजी से हो रहे बदलावों और नॉर्वे के व्यवसायों तथा प्रौद्योगिकी एवं नवाचार जैसे क्षेत्रों के भागीदारों के लिए देश में उभरते अवसरों पर प्रकाश डाला।"
जायसवाल ने कहा, "महाराजा हेराल्ड पंचम ने प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में दोपहर भोज की मेजबानी की।"
मोदी की नॉर्वे की यह पहली यात्रा है। साथ ही यह पिछले 43 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की भी पहली नॉर्वे यात्रा है।
भाषा पारुल जोहेब
जोहेब
1805 2343 ओस्लो