दिल्ली: गोविंदपुरी दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार
नेत्रपाल
- 23 May 2026, 11:31 PM
- Updated: 11:31 PM
नयी दिल्ली, 23 मई (भाषा) दक्षिण पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी में 28 वर्षीय एक व्यक्ति ने रिश्ते की बहन और उसके किशोर बेटे की कथित तौर पर हत्या कर दी। वह इस बात से नाराज था कि उसकी चचेरी बहन बार-बार उसे नशे की लत और आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की सलाह देती थी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी सौरभ साहू को शुक्रवार देर रात तुगलकाबाद एक्सटेंशन में पुलिस टीम पर कथित तौर पर गोलीबारी की जिसके बाद जवाबी गोलीबारी में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया।
गोलीबारी के दौरान एक गोली एक उप-निरीक्षक की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, लेकिन वह बाल-बाल बच गए।
इन हत्याओं का पता 20 और 21 मई की दरमियानी रात चला, जब शारदा साहू (38) और उनके 13 वर्षीय बेटे को गोविंदपुरी स्थित उनके आवास के अंदर मृत पाया गया और उनके शरीर पर चाकू के निशान थे।
इसके तुरंत बाद आरोपियों का पता लगाने के लिए दक्षिण-पूर्वी जिले की पुलिस की कई टीम गठित की गईं। वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में जांच की गई, जिसमें विभिन्न टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालीं, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच की और संदिग्धों तथा स्थानीय संपर्कों से पूछताछ की।
जांच के दौरान जांचकर्ताओं ने संगम विहार निवासी और मृतक महिला के रिश्तेदार सौरभ साहू को मुख्य संदिग्ध के रूप में पहचाना। तुगलकाबाद एक्सटेंशन के घाटी वाला पार्क के पास उसकी गतिविधियों के बारे में मिली एक विशिष्ट सूचना के आधार पर पुलिस ने 22 और 23 मई की दरमियानी रात जाल बिछाया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को पार्क के पास देखा गया और उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया। हालांकि, उसने कथित तौर पर एक अवैध पिस्तौल निकाली और भागने की कोशिश में पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने चार गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली उप-निनरीक्षक यशपाल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, लेकिन वह बाल-बाल बच गए।
पुलिस दल ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए तीन गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली आरोपी के पैर में लगी। इसके बाद उसे काबू में कर हिरासत में ले लिया गया और इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इस घटना में कोई भी पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ।
पूछताछ के दौरान, आरोपी ने कथित तौर पर ईर्ष्या और व्यक्तिगत द्वेष के कारण महिला और उसके बेटे की हत्या करने की बात कबूल की। पुलिस ने बताया कि मृतक महिला अक्सर उसे नशे की लत और आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की सलाह देती थी, जिसके कारण दोनों के बीच दुश्मनी पैदा हो गई थी।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा
शुभम नेत्रपाल
नेत्रपाल
2305 2331 दिल्ली