एसएससी-जीडी परीक्षा केंद्र पर पहुंचे क्षमता से दोगुने अभ्यर्थी, परीक्षा रद्द होने पर हंगामा
शोभना
- 25 May 2026, 10:46 PM
- Updated: 10:46 PM
कानपुर (उप्र), 25 मई (भाषा) कानपुर में सोमवार को कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) द्वारा आयोजित एसएससी-जीडी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा केंद्र पर क्षमता से लगभग दोगुनी संख्या में अभ्यर्थियों को सीटें आवंटित कर दिये जाने से उत्पन्न अव्यवस्था के मद्देनजर दोनों पालियों की परीक्षा को रद्द कर दिया गया।
अधिकारियों के मुताबिक यह घटना महाराजपुर के पुरवामीर स्थित 'श्रीमती रामकली इकबाल बहादुर ऑनलाइन केंद्र' में हुई। उन्होंने बताया कि इस केंद्र में प्रति पाली अभ्यर्थियों के बैठने की क्षमता 399 की थी, लेकिन कथित तौर पर प्रत्येक पाली के लिए 819 उम्मीदवारों को प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए थे, जिससे वहां भ्रम और अफरातफरी की स्थिति पैदा हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार एसएससी-जीडी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा दो पालियों में दोपहर दो से तीन बजे तक और शाम साढ़े चार बजे से साढ़े पांच बजे तक आयोजित होनी थी लेकिन पहली पाली के दौरान ही दिक्कतें शुरू हो गईं, जब सैकड़ों उम्मीदवार एक साथ केंद्र पर पहुंच गए, नतीजतन सत्यापन और परीक्षा के लिये बैठने को लेकर अफरा-तफरी मच गई।
अधिकारियों ने बताया कि लगभग 350 अभ्यर्थी पहले ही अपनी सीटों पर बैठ चुके थे, तब अधिकारियों को यह एहसास हुआ कि परीक्षार्थियों की संख्या केंद्र की क्षमता से कहीं अधिक है।
उन्होंने बताया कि गड़बड़ी की पुष्टि होने पर केंद्र प्रबंधन ने एसएससी के अधिकारियों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद दोनों पालियों की परीक्षा को रद्द कर दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक अचानक परीक्षा रद्द होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी फैल गयी और उनमें से कुछ ने विरोध स्वरूप कानपुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर रास्ता जाम करने का प्रयास किया, मगर लेकिन पुलिस ने हस्तक्षेप कर उन्हें शांतिपूर्वक वहां से हटने के लिए राजी कर लिया।
सूत्रों के अनुसार स्थिति तब और बिगड़ गई जब दूसरी पाली में परीक्षा देने आये अभ्यर्थी भी केंद्र पर पहुंचने लगे, जिससे केंद्र के बाहर भीड़ और बढ़ गई। उन्होंने बताया कि इस दौरान केंद्र पर तोड़फोड़ की खबरें भी आयीं।
हालांकि पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) सत्यजीत गुप्ता ने केंद्र पर हिंसा और तोड़फोड़ की सूचना पूरी तरह से झूठी और भ्रामक बताते हुए कहा, ''पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और बातचीत के जरिये अभ्यर्थियों को शांत कराया। इस दौरान स्थिति पूरी तरह से शांतिपूर्ण और नियंत्रण में रही।''
गुप्ता ने बताया कि एसएससी अधिकारियों और परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी के बीच चर्चा के बाद अधिकारियों ने दोनों पालियों की परीक्षाएं रद्द कर दीं। इस दौरान उम्मीदवारों को सूचित किया गया कि परीक्षा की नई तारीखों की घोषणा बाद में ई-मेल और एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि अभ्यर्थियों ने परीक्षा रद्द होने के कारण यात्रा में हुए खर्च को लेकर भी अपनी चिंताएं जाहिर की हैं, जिन्हें संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा दिया गया है।
भाषा सं. सलीम शोभना
शोभना
2505 2246 कानपुर