एफआईएच महिला नेशंस कप: लालथंटलुआंगी और डबास भारतीय टीम में शामिल
पंत
- 02 Jun 2026, 11:56 AM
- Updated: 11:56 AM
नयी दिल्ली, दो जून (भाषा) युवा डिफेंडर लालथंतलुआंगी और शिल्पी डबास को न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में 15 से 21 जून तक होने वाले एफआईएच हॉकी महिला नेशंस कप के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
भारत को टूर्नामेंट में जापान, अमेरिका और उरुग्वे के साथ पूल ए में रखा गया है, जबकि पूल बी में मेजबान न्यूजीलैंड, चिली, कोरिया और फ्रांस शामिल हैं।
भारत 15 जून को अमेरिका के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा, जिसके एक दिन बाद उसका सामना जापान से होगा। पूल चरण के अंतिम मैच में उसका मुकाबला 18 जून को उरुग्वे से होगा। सेमीफाइनल 20 जून और फाइनल 21 जून को खेला जाएगा।
सलीमा टेटे इस टूर्नामेंट में भी टीम की कप्तानी करेगी। सविता और बिचु देवी खारीबाम गोलकीपिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे।
रक्षा पंक्ति में अनुभवी सुशीला चानू, इशिका चौधरी, निक्की प्रधान और ज्योति के साथ लालथंटलुआंगी और डबास भी शामिल होंगी, जिन्हें हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के दौरे के दौरान पहली बार सीनियर टीम में जगह मिली थी।
मध्य पंक्ति की कमान सलीमा संभालेंगी, जिन्हें नेहा, सुनेलिता टोप्पो, साक्षी राणा और ऑस्ट्रेलिया में प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाली दीपिका सोरेंग का सहयोग मिलेगा।
अग्रिम पंक्ति में नवनीत कौर, दीपिका, रुतुजा दादासो पिसल, अन्नु और इशिका शामिल हैं जिन्हें अटैकिंग मिडफील्डर लालरेम्सियामी और सोनम का भी सहयोग मिलेगा।
भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के सफल दौरे के बाद नेशंस कप में भाग लेगी। भारत ने चार मैच की यह श्रृंखला में 2-2 से ड्रॉ कराई थी।
भारत के मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने कहा, ''नेशंस कप हमारे लिए महत्वपूर्ण टूर्नामेंट है। हम वहां जाकर पूरे जोश और जज्बे के साथ खेलना चाहते हैं। हम आगे बढ़ने के लिए मानक स्थापित करना चाहते हैं।''
उन्होंने कहा, '' हमने एक ऐसी टीम का चयन किया है जो अनुभवी है और जिसमें जीतने की ललक है। सविता, सुशीला, निक्की और नवनीत जैसी खिलाड़ी पहले भी बड़े टूर्नामेंट खेल चुकी हैं और जानती हैं कि दबाव में अच्छा प्रदर्शन कैसे किया जाता है।''
टीम इस प्रकार है:
गोलकीपर: सविता, बिचू देवी खारीबाम
डिफेंडर: सुशीला चानू पुखरंबम, इशिका चौधरी, लालथंटलुआंगी, शिल्पी डबास, ज्योति, निक्की प्रधान
मिडफील्डर: सलीमा टेटे (कप्तान), नेहा, सुनेलिता टोप्पो, साक्षी राणा, दीपिका सोरेंग, सोनम, लालरेम्सियामी
फॉरवर्ड: नवनीत कौर, दीपिका, रुतुजा दादासो पिसल, इशिका, अन्नू।
भाषा
पंत
पंत
0206 1156 दिल्ली