उप्र पुलिस ने तमिलनाडु के व्यक्ति को छोड़ा, आपराधिक या राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के संकेत नहीं मिले
अमित
- 02 Jun 2026, 05:31 PM
- Updated: 05:31 PM
मेरठ (उप्र), दो जून (भाषा) तमिलनाडु के 36 वर्षीय एक व्यक्ति को संदिग्ध परिस्थितियों में पाए जाने के बाद सैन्य पुलिस बल द्वारा यहां रेलवे रोड पुलिस थाने लाया गया था, लेकिन जांच में किसी भी आपराधिक या राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में उसकी संलिप्तता नहीं पाए जाने के बाद उसे रिहा कर दिया गया। यह जानकारी पुलिस ने मंगलवार को दी।
पुलिस के मुताबिक, 31 मई को मिलिट्री पुलिस (सीएमपी) एक व्यक्ति को संदिग्ध परिस्थितियों में रेलवे रोड पुलिस थाने लायी थी। पुलिस ने बताया कि चूंकि व्यक्ति नशे की हालत में लग रहा था, इसलिए उसकी प्रारंभिक चिकित्सा जांच और उपचार किया गया, इसके बाद पूछताछ की गई।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान व्यक्ति ने अपना नाम बालसिंघम प्रभाकरन (36) बताया। पुलिस के अनुसार व्यक्ति ने यह भी बताया कि वह मूल रूप से तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली जिले का रहने वाला है और पोलैंड में काम करता था। उनके अनुसार, उसका वीजा समाप्त होने के बाद, पोलैंड के अधिकारियों ने उसे भारत वापस भेज दिया।
पुलिस के अनुसार व्यक्ति ने दावा किया कि 30 मई को भारत पहुंचने पर, नशीले पदार्थ का सेवन करने के कारण वह अस्त-व्यस्त हो गया और तमिलनाडु में अपने इच्छित स्थान पर जाने के बजाय गलती से मेरठ पहुंच गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दलों का गठन किया गया। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, हवाई अड्डे के अधिकारियों से प्राप्त जानकारी और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच से प्रथम दृष्टया युवक के बयानों की पुष्टि हुई है।
पुलिस के मुताबिक, मामले की जानकारी केंद्रीय एजेंसियों को भी दी गई और जरूरी पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार अब तक की जांच में इस बात का कोई सबूत नहीं मिला है कि युवक किसी आपराधिक, संदिग्ध या राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों में शामिल था। पुलिस ने बताया कि हालांकि, एहतियात के तौर पर उसके वित्तीय लेनदेन और अन्य संबंधित पहलू जांच के दायरे में हैं।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि युवक के साथ रेलवे रोड पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में कोई शारीरिक हमला, डकैती या अन्य आपराधिक घटना नहीं हुई थी।
पुलिस ने यह भी कहा कि बालसिंघम प्रभाकरन को बाद में मंगलवार को तमिलनाडु भेज दिया गया।
भाषा सं जफर मनीषा अमित
अमित
0206 1731 मेरठ