रुपया दो पैसे बढ़कर 95.74 प्रति डॉलर पर बंद
रमण
- 04 Jun 2026, 09:41 PM
- Updated: 09:41 PM
मुंबई, चार जून (भाषा) रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले दो पैसे बढ़कर 95.74 पर बंद हुआ। कच्चे तेल की कीमतों के नरम पड़ने तथा पांच जून को पेश होने वाली भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समीक्षा से पहले रुपये में यह तेजी आई।
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण ऊर्जा बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ा और सुरक्षित निवेश की ओर रुख ने स्थानीय मुद्रा में होने वाली तेज बढ़त पर अंकुश लगाया।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों का कहना है कि पश्चिम एशिया में लंबे समय से जारी संकट भारत के लिए एक बड़ा जोखिम है, क्योंकि भारत ऊर्जा आयात पर बहुत ज्यादा निर्भर है।
बाजार प्रतिभागियों का ध्यान अब पांच जून को पेश होने वाली रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समीक्षा पर है। इसका कारण इस समय महंगाई, आर्थिक वृद्धि और रुपये की स्थिति पर सबकी नजर है। रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा की अध्यक्षता वाली छह-सदस्यीय मौद्रिक नीति समिति शुक्रवार को अपने फैसले की घोषणा करेगी।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.70 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान 95.87 के निचले और 95.59 के उच्च स्तर तक गया और अंत में 95.74 पर बंद हुआ, जो पिछले बंद स्तर से दो पैसे मजबूत है।
रुपया बुधवार को 40 पैसे टूटकर 95.76 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.31 पर रहा।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 2.04 प्रतिशत गिरकर 95.81 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ''वैश्विक तनाव और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में मजबूती के कारण हमें रुपये में नकारात्मक रुख के साथ कारोबार का अनुमान है। हालांकि, अमेरिका-ईरान शांति वार्ता के मोर्चे पर किसी भी सकारात्मक विकास से घरेलू मुद्रा में तेज गिरावट रुक सकती है।''
चौधरी ने कहा कि कारोबारी आज अमेरिका के साप्ताहिक बेरोजगारी दावों के आंकड़ों और शुक्रवार को आने वाली गैर-कृषि वेतन रिपोर्ट से संकेत ले सकते हैं। साथ ही निवेशक आरबीआई की मौद्रिक नीति के फैसले पर भी नजर रखेंगे। डॉलर के मुकाबले रुपये की हाजिर दर 95.40 से 96.15 के दायरे में रहने का अनुमान है।
घरेलू शेयर बाजार के मोर्चे पर सेंसेक्स मामूली 13.84 अंक की बढ़त के साथ 74,360.01 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 10.95 अंक बढ़कर 23,416.55 अंक पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने बृहस्पतिवार को शुद्ध रूप से 4,447.06 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण
0406 2141 मुंबई