मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने जर्मनी के प्रतिनिधिमंडल से की मुलाकात, निवेश और सहयोग पर चर्चा
नरेश
- 05 Jun 2026, 04:51 PM
- Updated: 04:51 PM
बेंगलुरु, पांच जून (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने शुक्रवार को यहां जर्मनी के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की और द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग को मजबूत करने के लिए निवेश के अवसरों पर चर्चा की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि जर्मनी के थुरिंगिया प्रांत के मिनिस्टर-प्रेसिडेंट मारियो वोइग्ट के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल इस समय कर्नाटक के दौरे पर है।
इस अवसर पर शिवकुमार ने कहा कि कर्नाटक और थुरिंगिया संयुक्त उद्यम, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण तथा कौशल एवं प्रतिभा के आदान-प्रदान सहित आपसी हित के क्षेत्रों की पहचान करने के लिए मिलकर काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि कर्नाटक सरकार और थुरिंगिया नवाचार को बढ़ावा देने तथा अगली पीढ़ी की तकनीकों को आगे बढ़ाने के लिए सहयोग करेंगे।
बैठक में शामिल रहे कर्नाटक के भारी एवं मध्यम उद्योग मंत्री एम बी पाटिल ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि कर्नाटक और थुरिंगिया के बीच ऑप्टिक्स एवं फोटोनिक्स, सेमीकंडक्टर, जैव प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी), नवीकरणीय ऊर्जा और उन्नत विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग की प्रबल संभावनाएं हैं।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, पाटिल ने थुरिंगिया की कंपनियों को कर्नाटक में इन क्षेत्रों में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया और इस बात का भी उल्लेख किया कि राज्य की औद्योगिक नीति में इन क्षेत्रों पर विशेष जोर दिया गया है।
पाटिल ने कहा कि राज्य सरकार पूरे कर्नाटक में संतुलित औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने इस बात पर भी बल दिया कि राज्य सेवा क्षेत्र में अपना दबदबा बनाए रखने के साथ-साथ अब विनिर्माण पर भी अपना ध्यान केंद्रित कर रहा है। उन्होंने थुरिंगिया की कंपनियों से कर्नाटक में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने का आग्रह किया।
बयान में कहा गया है कि विभिन्न प्रस्तुतियों पर प्रतिक्रिया देते हुए वोइग्ट ने कर्नाटक के मजबूत अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) पारिस्थितिकी तंत्र, अत्यधिक कुशल डिजिटल प्रतिभा, इंजीनियरिंग क्षमताओं, विश्व स्तरीय स्टार्टअप माहौल और क्वांटम प्रौद्योगिकी एवं एयरोस्पेस जैसे क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे की सराहना की।
भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश
नरेश
0506 1651 बेंगलुरु