श्रीलंका के भालाफेंक स्टार रूमेश पथिरागे ने रोम डायमंड लीग में 92 . 62 मीटर का थ्रो फेंका
आनन्द
- 05 Jun 2026, 05:36 PM
- Updated: 05:36 PM
रोम, पांच जून (भाषा) श्रीलंका के भालाफेंक स्टार रूमेश पथिरागे ने रोम डायमंड लीग में 92 . 62 मीटर का थ्रो फेंककर पूर्व ओलंपिक चैम्पियन नीरज चोपड़ा और पाकिस्तान के अरशद नदीम के लिये खतरे की घंटी बजा दी है ।
पथिरागे ने इस थ्रो के साथ खिताब जीता जो एशियाई भालाफेंक के इतिहास में दूसरा सबसे बड़ा थ्रो है । उन्होंने दो बार के विश्व चैम्पियन ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स (83 . 91मीटर ), तोक्यो विश्व चैम्पियनशिप 2025 स्वर्ण पदक विजेता त्रिनिदाद और टोबैगो के केशोर्न वालकॉट (83 .45) और कांस्य पदक विजेता अमेरिका के कुर्टिस थॉम्पसन (83 . 89 मीटर) को पछाड़ा ।
भारत के सचिन यादव 79 . 18 मीटर के थ्रो के साथ आठवें स्थान पर रहे ।
पथिरागे 90 मीटर के आंकड़े को पार करने वाले चौथे एशियाई और कुल 28वें एथलीट बन गए। उनका थ्रो पाकिस्तानी अरशद नदीम के पेरिस ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले 92.97 मीटर के थ्रो से तो थोड़ा कम रहा, लेकिन उन्होंने चीनी ताइपे के चाओ-त्सुन चेंग (91.36 मीटर) और चोपड़ा (90.23 मीटर) को पीछे छोड़ते हुए एशिया का दूसरा सबसे अच्छा थ्रो फेंका ।
उनका थ्रो अब तक की विश्व सूची में आठवां सबसे लंबी दूरी का थ्रो था। यह 2024 के ओलंपिक फाइनल में नदीम की जीत के बाद दुनिया का सबसे अच्छा थ्रो भी था।
श्रीलंका के अधिकांश युवाओं की तरह पथिरागे भी क्रिकेटर बनना चाहते थे । वह अंडर 18 की उम्र में 134 किमी की रफ्तार से गेंद डाल लेते थे । बाद में उन्होंने अपने पिता के मार्गदर्शन में 2017 से भालाफेंक में हाथ आजमाया ।
पथिरागे 2024 से ही भारत आते रहे हैं । उन्होंने पहली बार भारत में 2024 में हरियाणा के पंचकूला में हुई राष्ट्रीय अंतर प्रांत चैंपियनशिप में हिस्सा लिया था, जहां भारतीय एथलेटिक्स महासंघ ने श्रीलंकाई टीम को आमंत्रित किया था। उन्होंने आखिरी बार अक्टूबर 2025 में रांची में हुई दक्षिण एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हिस्सा लिया और 84.29 मीटर के थ्रो के साथ अव्वल रहे ।
वह जून 2025 में बेंगलुरू में हुई एनसी क्लासिक में तीसरे स्थान पर रहे थे जबकि चोपड़ा ने खिताब जीता था ।
चोपड़ा इस समय स्विटजरलैंड में अभ्यास कर रहे हैं और अभी पता नहीं है कि वह सत्र में किस स्पर्धा में उतरेंगे ।
भाषा मोना आनन्द
आनन्द
0506 1736 रोम