हरियाणा के हांसी में चोरी के शक में दलित युवक की पिटाई, वीडियो वायरल
माधव
- 05 Jun 2026, 08:21 PM
- Updated: 08:21 PM
हिसार, पांच जून (भाषा) हरियाणा के हांसी जिले में खेत से पानी की मोटर चोरी करने के संदेह में एक दलित युवक को कथित तौर पर बेरहमी से पीटा गया और कुएं में उल्टा लटका दिया गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
इस घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस वीडियो में एक व्यक्ति रस्सियों से बंधा हुआ कुएं के भीतर उल्टा लटका दिखाई दे रहा है। वह मदद के लिए चिल्ला रहा है, जबकि आसपास मौजूद लोग उससे चोरी की घटनाओं के बारे में पूछताछ करते सुनाई दे रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, यह घटना बास थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सोरखी गांव में हुई। कुछ ग्रामीणों ने 32 वर्षीय दलित व्यक्ति पर खेत से पानी की मोटर चोरी करने का आरोप लगाया था।
सोरखी पुलिस चौकी प्रभारी प्रवीण ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना की जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि पीड़ित व्यक्ति की पहचान बारू के रूप में की गयी है और वह दलित समुदाय से संबंध रखता है और उसी गांव का निवासी है।
पुलिस ने बताया कि इस घटना के सिलसिले में पांच नामजद आरोपियों तथा कुछ अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास) और धारा 126(2) (गैरकानूनी रूप से रोकना) के साथ-साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वायरल वीडियो में शुरुआत में पीड़ित कुएं के अंदर उल्टा लटका दिखाई देता है, जबकि बाद के दृश्यों में उसे बाहर निकालकर पीटते हुए देखा जा सकता है।
ग्रामीणों का दावा है कि पिछले एक सप्ताह के दौरान इलाके के खेतों से पानी की कई मोटरें चोरी हुई थीं और चोर को पकड़ने के लिए वे निगरानी कर रहे थे।
उनका आरोप है कि एक जून को कुछ ग्रामीणों ने बारू को खेतों के पास देखा और चोरी के संदेह में पकड़ लिया। इसके बाद उससे पूछताछ की गई और उसे कुएं में कथित तौर पर उल्टा लटका दिया गया। इसी दौरान यह वीडियो बनाया गया।
हालांकि बारू ने खुद को निर्दोष बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
उसने संवाददाताओं को बताया कि घटना वाले दिन उसे दस्त की शिकायत थी और वह शौच के लिए खेतों में गया था।
बारू के अनुसार एक स्थानीय युवक ने चोरी के संदेह में उसे पकड़ लिया, अन्य लोगों को बुलाया और उसके साथ मारपीट की। बाद में उसके पैर बांधकर उसे सिर के बल कुएं में नीचे लटका दिया गया।
बारू ने कहा कि भयभीत होकर उसने चोरी का आरोप स्वीकार कर लिया, जबकि उसने कोई चोरी नहीं की थी। उसने लोगों से उसे कुएं से बाहर निकालने की गुहार लगाई।
बारू ने कहा, ''उन्होंने मुझ पर पानी की मोटर चोरी करने का आरोप लगाया। करीब 15-20 लोगों ने मुझे घेर लिया और मुक्कों से पीटा। मैंने उनसे कहा कि यदि उन्हें मुझ पर संदेह है तो मुझे पुलिस के हवाले कर दें, लेकिन उन्होंने मुझे रस्सी से बांधकर कुएं में उल्टा लटका दिया।''
उसने कहा, ''अपनी जान के डर से मैंने वह आरोप स्वीकार कर लिया, जबकि मैंने कुछ नहीं किया था। कुछ मिनट बाद उन्होंने मुझे बाहर निकाला और लाठियों से पीटा। इसी दौरान पुलिस की एक गाड़ी वहां पहुंची और मुझे पुलिस चौकी ले गई। पूछताछ के बाद जब मैंने पूरी घटना बताई तो शाम को मुझे छोड़ दिया गया।''
बारू ने दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिए जाने की मांग की है।
भाषा रवि कांत रवि कांत माधव
माधव
0506 2021 हिसार