ट्रंप की वापसी उड़ान के साथ पुराने एयर फ़ोर्स वन विमान का अंतिम सफर, अब नए बेड़े में होगा शामिल
रंजन
- 19 Jun 2026, 01:03 PM
- Updated: 01:03 PM
सागर कुलकर्णी
वाशिंगटन, 19 जून (भाषा) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की फ्रांस यात्रा से वापसी उड़ान उस बोइंग 747-200बी विमान की अंतिम यात्रा थी, जिसने पिछले लगभग 35 वर्षों से अमेरिकी राष्ट्रपतियों को सेवा प्रदान की।
व्हाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारियों ने 'ज्वॉइंट बेस एंड्रयूज' पर विमान की तस्वीरें साझा करते हुए इसे "लास्ट राइड" बताया और कहा कि इस अत्यधिक सुरक्षित विमान ने जॉर्ज एच.डब्ल्यू. बुश के कार्यकाल से अब तक सभी राष्ट्रपतियों को सेवाएं दी हैं।
अमेरिकी चीफ ऑफ प्रोटोकॉल मोनिका क्राउली ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, "कल रात एयर फ़ोर्स वन की अंतिम उड़ान में शामिल होना मेरे लिए सम्मान की बात थी।" उन्होंने कहा कि लगभग 40 वर्षों तक इस विमान ने हर राष्ट्रपति को सेवा दी और यह भले ही सबसे आधुनिक न हो, लेकिन बेहद आरामदायक था।
व्हाइट हाउस के संचार निदेशक स्टीवन चेउंग ने भी 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए इसे "अंतिम यात्रा" करार दिया और विमान की एक तस्वीर साझा की।
ट्रंप फ्रांस यात्रा से बुधवार देर रात लौटे थे। व्हाइट हाउस ने इस बदलाव पर आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है, लेकिन अमेरिकी वायुसेना ने पिछले महीने बताया था कि कतर द्वारा उपहार में दिया गया बोइंग 747 विमान रूपांतरण और उड़ान परीक्षण पूरा कर चुका है।
एनबीसी न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप अगले महीने दक्षिण डकोटा में माउंट रशमोर यात्रा के दौरान इस कतर-प्रदत्त विमान की पहली उड़ान ले सकते हैं, जो अमेरिका के 250वें स्थापना वर्ष के समारोहों का हिस्सा होगा।
बताया गया है कि कतर का यह बोइंग 747 नया रंग संयोजन लिए होगा, जिसमें लाल, सफेद और नीले रंग की डिजाइन होगी। यह वर्तमान "जैकी कैनेडी" थीम वाले रॉबिन एग ब्लू और सफेद रंग से अलग होगा।
पेंटागन अधिकारियों ने मई में संसद को बताया था कि इस विमान के आधुनिकीकरण की कुल लागत 40 करोड़ अमेरिकी डॉलर से अधिक नहीं हुई है।
यह कतर से प्राप्त विमान अस्थायी रूप से अमेरिकी राष्ट्रपति के लिए उपयोग में लाया जाएगा, जब तक कि वायुसेना द्वारा ऑर्डर किए गए दो नए बोइंग 747 विमान, जिनकी लागत 5.6 अरब डॉलर है, सेवा में शामिल नहीं हो जाते।
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, एयर फ़ोर्स वन किसी एक विशेष विमान का नाम नहीं है, बल्कि यह पदनाम उस किसी भी विमान को दिया जाता है जिसमें राष्ट्रपति यात्रा करते हैं। कतर के इस विमान को वायुसेना वीसी-25बी के रूप में संदर्भित करेगी।
भाषा मनीषा रंजन
रंजन
1906 1303 वाशिंगटन