करोल बाग की दुकान में 90 लाख रुपये की चोरी के मामले में चार लोग गिरफ्तार
जोहेब
- 25 Jun 2026, 07:07 PM
- Updated: 07:07 PM
नयी दिल्ली, 25 जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने करोल बाग में मोबाइल फोन की थोक की दुकान से 90 लाख रुपये की चोरी के मामले में दुकान के एक कर्मचारी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि बीडनपुरा इलाके में हुई इस वारदात का पता उस समय चला दुकान खोलने पर मालिक को सामान बिखरा हुआ मिला।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 23-24 जून की रात के दौरान अज्ञात व्यक्ति लगभग 90 लाख रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और सीसीटीवी प्रणाली का डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) लेकर फरार हो गए।
जांच के दौरान, पुलिस ने आस-पास के इलाके में लगे सीसीसीटी कैमरों की फुटेज की जांच की, कर्मचारियों से पूछताछ की और घटनास्थल से मिले फॉरेंसिक सबूतों का विश्लेषण किया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि चोरी में दुकान के कामकाज से वाकिफ अंदरूनी व्यक्ति ने मदद की और शक की सुई एक कर्मचारी पर जाकर रुकी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के ही रहने वाले रवि उर्फ महिपाल (24), दीपांशु (23), अंश और मनीष को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि दुकानदार का भरोसेमंद कर्मचारी रवि ही इस साज़िश का कथित मास्टरमाइंड था, क्योंकि दुकान की चाबियों तक उसकी पहुंच थी और हर रात दुकान में ताला लगाने की ज़िम्मेदारी भी उसी की थी।
पुलिस के मुताबिक, उसने चोरी से दो दिन पहले अपने साथियों से असली चाबी हासिल करके नकली चाबी बनवाई।
पुलिस ने बताया कि घटना वाली रात, अंश और मनीष ने बिना ताला तोड़े नकली चाबी की मदद से कथित तौर पर दुकान में घुसकर नकद, मोबाइल फ़ोन और सीसीटीवी डीवीआर चुरा लिया।
अधिकारियों ने बताया कि शक से बचने के लिए रवि अगली सुबह दुकान पर लौटा और यह दिखाने की कोशिश की कि उसकी इसमें कोई भूमिका नहीं है।
पुलिस ने बताया कि तकनीकी और स्थानीय जानकारी के आधार पर मंगोलपुरी में छापेमारी की गई, जिसमें चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और एक आरोपी के रिश्तेदार के खाली घर से 84 लाख रुपये बरामद किए गए।
चोरी हुए मोबाइल फ़ोन और मामले से जुड़ी अन्य चीज़ें भी बरामद कर ली गई हैं।
पुलिस ने बताया कि चोरी हुआ बाकी सामान बरामद करने और यह पता लगाने के लिए जांच जारी है कि क्या आरोपी इसी तरह के दूसरे अपराधों में भी शामिल थे।
भाषा नोमान नोमान जोहेब
जोहेब
2506 1907 दिल्ली