मप्र : ब्राउन शुगर के साथ दो गिरफ्तार, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के भाई की 'भूमिका' की जांच शुरू
शफीक
- 09 Jul 2026, 08:06 PM
- Updated: 08:06 PM
इंदौर, नौ जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के इंदौर में पुलिस ने बृहस्पतिवार को करीब 11 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि आरोपियों ने पूछताछ में कथित तौर पर बताया है कि वे मादक पदार्थ की यह खेप प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष जीतू पटवारी के छोटे भाई और एक अन्य व्यक्ति को सौंपने जा रहे थे।
उधर, जीतू पटवारी ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर सियासी बदले की कार्रवाई का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके छोटे भाई नाना पटवारी को झूठे मामले में हिरासत में लिया गया है।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) नरेंद्र रावत ने संवाददाताओं को बताया,''राजेंद्र नगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर इरफान खान उर्फ गोलू चंदेरी और रानी भाई को पकड़ा। उनके कब्जे से 10.8 ग्राम ब्राउन शुगर मिली। इस मादक पदार्थ की जांच के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।''
डीसीपी ने बताया कि दोनों आरोपियों से शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि वे ब्राउन शुगर की इस खेप को नाना पटवारी और मानव गंगवानी नामक व्यक्तियों को देने जा रहे थे।
रावत ने कहा कि ब्राउन शुगर के साथ पकड़े गए दो आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य लोगों पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि नाना पटवारी पर नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं और अन्य लोगों के आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
डीसीपी ने हालांकि स्पष्ट नहीं किया कि ब्राउन शुगर की बरामदगी के मामले में नाना और गंगवानी को अभी गिरफ्तार किया गया है या नहीं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव के नाम सम्बोधित बयान में कहा कि इंदौर पुलिस ने उनके भाई को बगैर सूचना के हिरासत में लेकर सियासी संदेश दिया है कि भाजपा अब ''बदला'' ले रही है और जो भी सत्ता या मुख्यमंत्री के खिलाफ आवाज उठाएगा, उसे दबाने के लिए ''कानून'' का सहारा भी लिया जाएगा।
उन्होंने कहा, ''मैं जानता था कि सरकार की निजी दुर्भावना के चलते मेरे और मेरे परिजनों के खिलाफ झूठी कानूनी कार्रवाइयां जरूर की जाएंगीं।''
जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस ''कानूनी दबाव-प्रभाव से भरी राजनीति'' से न तो डरेगी और न ही झुकेगी, बल्कि और ज्यादा ताकत से मैदानी लड़ाई लड़ेगी।
इससे पहले, पटवारी के परिवार के वकील जय हार्डिया ने भी दावा किया कि पुलिस ने नाना पटवारी को हिरासत में लिया है।
हार्डिया ने कहा,''पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के छोटे भाई नाना को हिरासत में लिया है और उन्हें घटनास्थल पर भी ले जाया गया है।''
यह पूछे जाने पर कि क्या नाना पटवारी को मादक पदार्थ के मामले में हिरासत में लिया गया है, वकील ने दावा किया कि उन्हें फिलहाल इस बात की जानकारी नहीं है।
भाषा हर्ष
शफीक
शफीक
0907 2006 इंदौर