दिल्ली: भारी बारिश से यातायात ठप, 2023 के बाद से जुलाई में सबसे बेहतर एक्यूआई
देवेंद्र
- 09 Jul 2026, 11:12 PM
- Updated: 11:12 PM
नयी दिल्ली, नौ जुलाई (भाषा) मानसूनी बारिश के कारण बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी में सामान्य जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया।
दिल्ली में लगातार बारिश से सड़कों पर जलभराव हो गया, पेड़ उखड़ गए और कई जगहों पर भारी यातायात जाम की स्थिति बन गई।
तेज बारिश के कारण दिल्ली की हवा भी सितंबर 2023 के बाद सबसे साफ महसूस की गई।
शहर के कुछ हिस्सों में 160 मिलीमीटर (मिमी) से अधिक बारिश हुई।
लगातार बारिश के कारण राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में जलभराव, यातायात बाधित होने और नुकसान की स्थिति बनी रही।
इस बीच रोहिणी में इमारत गिरने की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई।
अधिकारियों को दिनभर में जलभराव की 68 शिकायतें मिलीं जबकि भारी बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में यातायात प्रभावित हुआ।
इस बारिश को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विपक्षी आम आदमी पार्टी (आप) के बीच एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया।
जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने पिछली आम आदमी पार्टी सरकार की आलोचना करते हुए दावा किया कि शहर में 100 मिमी से अधिक बारिश होने के बावजूद मिंटो ब्रिज अंडरपास पर यातायात सुचारू रूप से चलता रहा।
उन्होंने कहा कि पहले भारी बारिश के दौरान यहां अक्सर बड़ी बसें भी फंस जाती थीं।
अधिकारियों के अनुसार, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को जलभराव की 40 शिकायतें मिलीं, जबकि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) को 16 और नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) को 12 शिकायतें मिलीं।
एनडीएमसी को बिजली गुल होने की 26 शिकायतें भी मिलीं और नगर निकाय ने अपने क्षेत्र में पेड़ गिरने की पांच घटनाओं की जानकारी दी।
जलभराव की शिकायतें विकास मार्ग, पूर्वी दिल्ली के कुछ हिस्सों, संगम विहार, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन क्षेत्र, मुनिरका, सदर बाजार, अलीपुर, बुराड़ी, बदरपुर और द्वारका सहित कई इलाकों से सामने आईं।
जलभराव और जाम के कारण आईटीओ, रोहतक रोड, महरौली-बदरपुर (एमबी) रोड, एनएच-48, रिंग रोड, पंजाबी बाग और शादिपुर में भी गाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हुई।
दिल्ली का बृहस्पतिवार को 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 48 दर्ज किया गया, जो करीब दो साल 10 महीने में सबसे साफ हवा का स्तर है।
इससे पहले दिल्ली का एक्यूआई 10 सितंबर, 2023 को 45 दर्ज किया गया था। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शहर के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में बृहस्पतिवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में 72.6 मिमी बारिश दर्ज की गई।
आईएमडी ने बताया कि इस अवधि में उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी स्थित तुकमीरपुर में सबसे अधिक 160 मिमी बारिश हुई।
मयूर विहार में 103 मिमी, दिल्ली विश्वविद्यालय में 90 मिमी, मेहरौली में 86 मिमी, पूसा और लोदी रोड स्वचालित मौसम केंद्र (एडब्ल्यूएस) में 83-83 मिमी, लोदी रोड में 80 मिमी, रिज में 78 मिमी और छतरपुर में 72 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
इसके अलावा पालम और नारायणा में 63-63 मिमी, जनकपुरी में 62 मिमी, आयानगर में 57 मिमी, प्रगति मैदान में 50 मिमी, नजफगढ़ में 43 मिमी, मुंगेशपुर में 41 मिमी, झरोदा कलां में 33 मिमी और जाफरपुर में छह मिमी बारिश दर्ज की गई।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) और दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) की टीमें शहर के विभिन्न हिस्सों में जलभराव से निपटने के लिए तैनात की गई हैं।
अधिकारियों ने दावा किया कि भारी बारिश के बावजूद शहर की सभी प्रमुख सड़कों पर स्थिति ''नियंत्रण में'' है।
आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस कम है।
विभाग ने दिन में आमतौर पर बादल छाए रहने तथा मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान जताया है।
भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में पिछले डेढ़ महीने के दौरान नालों और सीवर लाइनों की बड़े पैमाने पर सफाई कराई गई है।
उन्होंने कहा कि जलभराव वाले 169 स्थानों और 445 संवेदनशील जगहों की पहचान की गई थी जबकि 28 जून से पहले 167 पंप हाउस और 754 मोबाइल पंप लगाए गए थे।
मल्होत्रा ने कहा, "हम विश्वास के साथ कह सकते हैं कि दिल्ली सरकार अपने पहले बड़े प्रयास में सफल रही है।"
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल मिंटो ब्रिज अंडरपास पर ध्यान दे रही है और शहर के बाकी हिस्सों में हो रहे जलभराव को नजरअंदाज कर रही है। केजरीवाल ने कहा, "पूरा दिल्ली शहर डूबा हुआ है, लेकिन वे लगातार मिंटो ब्रिज अंडरपास की ही बात करते रहते हैं। हमने अपनी सरकार के दौरान इस समस्या का समाधान कर दिया था। इसके अलावा, शहर के कई अन्य इलाकों में जलभराव है, जगह-जगह गंदगी फैली हुई है और कई हिस्सों में सड़कें टूटी हुई हैं।"
भाषा जितेंद्र देवेंद्र
देवेंद्र
0907 2312 दिल्ली