मोदी और अल्बानीज़ ने भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच खेल सहयोग का रोडमैप जारी किया
पंत
- 10 Jul 2026, 10:36 AM
- Updated: 10:36 AM
(संपादक: तस्वीरों सहित)
मेलबर्न, 10 जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष एंथनी अल्बानीज ने शुक्रवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच खेलों के क्षेत्र में सहयोग का 'रोडमैप' जारी किया।
विदेश मंत्रालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार, ''यह रोडमैप खेल प्रशिक्षण और खिलाड़ियों के विकास, खेल विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा खेल उद्योग और निवेश के क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देगा।''
इस सहयोग के उल्लेखनीय पहलुओं में से एक आगामी बिग बैश लीग (बीबीएल) के उद्घाटन मैच की घोषणा थी, जो चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में खेला जाएगा। यह मैच मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच होगा।
ऑस्ट्रेलियाई सरकार की विज्ञप्ति में कहा गया है, ''प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ और भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज मेलबर्न में मुलाकात की और घोषणा की कि ऑस्ट्रेलियाई पुरुष बिग बैश लीग का पहला मैच इस वर्ष दिसंबर में चेन्नई में खेला जाएगा। यह भारत में खेला जाने वाला पहला विदेशी क्रिकेट लीग मैच होगा।''
इसमें कहा गया है, ''यह मैच दिसंबर में पूरे भारत में आयोजित किए जाने वाले 'गुड डे नमस्ते' नामक सप्ताह भर चलने वाले उत्सव का मुख्य आकर्षण होगा। इस उत्सव में ऑस्ट्रेलियाई सांस्कृतिक, व्यावसायिक और खेल आयोजन शामिल होंगे।''
एमसीजी में आयोजित किए गए कार्यक्रम के दौरान दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के अलावा विक्टोरिया प्रांत की प्रीमियर (प्रधानमंत्री) जैसिंटा एलन, वनडे विश्व कप विजेता पूर्व पुरुष कप्तान स्टीव वॉ और महिला कप्तान लिसा स्टालेकर भी उपस्थित थे।
विदेश मंत्रालय की विज्ञप्ति में कहा गया है, ''इस यात्रा ने भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तंभों के रूप में खेल, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोगों के बीच संबंधों के बढ़ते महत्व को रेखांकित किया।''
रोडमैप के अनुसार भारत-ऑस्ट्रेलिया युवा खेल महोत्सव का भी आयोजन किया जाएगा।
दोनों नेताओं ने खेल के क्षेत्र में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बढ़ते सहयोग का स्वागत किया।
मोदी ने लोगों को एक साथ लाने में खेलों की अनूठी भूमिका के संदर्भ में कहा कि यह रोडमैप दोनों देशों को अपनी खेल साझेदारी में विविधता लाने में सक्षम बनाएगा।
मोदी ने महिला क्रिकेट विश्व कप जीतने पर ऑस्ट्रेलिया को बधाई दी। उन्होंने यह भी कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया अंतरराष्ट्रीय खेलों में एक महत्वपूर्ण दशक में प्रवेश कर रहे हैं, जिसमें भारत 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों की और ऑस्ट्रेलिया 2032 में ब्रिस्बेन में ओलंपिक खेलों की मेजबानी करेगा।
अल्बानीज़ ने ऑस्ट्रेलियाई सरकार की विज्ञप्ति में कहा, ''ऑस्ट्रेलिया और भारत खेलों के प्रति अपने प्रेम और जुनून से एकजुट हैं। यह खेल रोडमैप क्षमता निर्माण, प्रौद्योगिकी और अनुसंधान जैसे व्यावहारिक प्राथमिकता वाले क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करेगा ताकि हमारे द्विपक्षीय संबंधों कर इस आधारशिला को मजबूत किया जा सके।''
उन्होंने कहा, ''मैं खेलों के क्षेत्र में भारत के साथ सहयोग बढ़ाने को लेकर उत्साहित हूं, जिससे न केवल ऑस्ट्रेलियाई लोगों को खुशी मिलती है बल्कि इससे व्यापार, पर्यटन और निवेश को भी बढ़ावा मिलता है।''
इस दौरान दोनों नेताओं ने कबड्डी, ऑस्ट्रेलियाई फुटबॉल और क्रिकेट के प्रदर्शनी मैचों में भाग लेने वाले युवा खिलाड़ियों से बातचीत भी की।
भाषा
पंत
पंत
1007 1036 मेलबर्न