पंजाब : बकाया किराए को लेकर किरायेदारों के हमले में घायल मकान मालिक ने दम तोड़ा; दो गिरफ्तार
दिलीप
- 10 Jul 2026, 07:28 PM
- Updated: 07:28 PM
होशियारपुर (पंजाब), 10 जुलाई (भाषा) पंजाब के होशियारपुर में तीन महीने के बकाया किराये के मुद्दे पर इस सप्ताह के आरंभ में किरायेदारों के कथित हमले में घायल हुए एक मकान मालिक की शुक्रवार को दसुआ के एक अस्पताल में मौत हो गयी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि छह जुलाई को दोपहर के समय किराएदारों में से एक, गुड्डू ने कथित तौर पर 57 वर्षीय नरेश कुमार को बकाया किराया चुकाने के बहाने घर बुलाया।
पुलिस ने बताया कि दसुआ निवासी नरेश की ओल्ड सुनियारा बाज़ार में दर्जी की दुकान है और उन्होंने कैंथा मोहल्ले में अपने पुराने घर का ऊपरी हिस्सा बिहार के प्रवासी मजदूरों को किराए पर दिया था।
पुलिस ने बताया कि नरेश और उनके बेटे साहिल कुमार अपराह्न करीब 3:30 बजे किराया लेने गए थे, साहिल सड़क पर बाहर इंतज़ार करने लगा, जबकि उसके पिता मकान के अंदर ऊपर गए।
प्राथमिकी के मुताबिक, शोर-शराबा सुनकर साहिल तेजी से ऊपर पहुंचा और उसने देखा कि गुड्डू की पत्नी सीता और उसके रिश्तेदार शत्थू उसके पिता के साथ गाली-गलौज कर रहे थे और फावड़े के हत्थे से उन्हें पीट रहे थे।
प्राथमिकी के अनुसार, जब साहिल ने अपने पिता को बचाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने नरेश को सीढ़ियों से नीचे धकेल दिया और धमकी देकर पास की छतों पर कूदकर भाग गए।
पुलिस ने बताया कि नरेश के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उन्हें तुरंत दसुआ के सिविल अस्पताल ले जाया गया और बाद में जालंधर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, उनके परिवार वाले उन्हें बृहस्पतिवार को वापस दसुआ के सिविल अस्पताल ले आए, जहां शुक्रवार सुबह उनकी मौत हो गई।
आरंभ में तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
दसुआ के थाना प्रभारी दलजीत सिंह ने बताया कि नरेश की मौत के बाद प्राथमिकी में हत्या से जुड़ी धाराएं भी जोड़ दी गई हैं।
उन्होंने बताया कि बिहार के नालंदा ज़िले के गुड्डू और सीता को सात जुलाई को गिरफ़्तार किया गया था, जबकि तीसरे आरोपी शत्थू को पकड़ने की कोशिशें जारी हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा
राजकुमार दिलीप
दिलीप
1007 1928 होशियारपुर