होर्मुज जलडमरूमध्य में यूएई के टैंकरों पर ईरानी हमले में भारतीय चालक दल के एक सदस्य की मौत
शोभना
- 14 Jul 2026, 11:25 AM
- Updated: 11:25 AM
दुबई, 14 जुलाई (भाषा) ओमान के निकट होर्मुज जलडमरूमध्य में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दो तेल टैंकरों पर ईरान के हमले में मंगलवार को चालक दल के एक भारतीय सदस्य की मौत हो गई, जबकि छह भारतीयों समेत आठ अन्य लोग घायल हो गए।
यह घटना पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बड़े विस्तार के रूप में सामने आई है।
यूएई के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि उसके राष्ट्रीय टैंकर 'मोम्बासा' और 'अल बहियाह' ओमान के क्षेत्रीय जलक्षेत्र में होर्मुज जलडमरूमध्य के दक्षिणी नौवहन मार्ग से गुजर रहे थे, तभी उन पर ईरान की ओर से दो क्रूज मिसाइलें दागी गईं।
मंत्रालय ने बताया कि 'मोम्बासा' टैंकर पर सवार चालक दल के एक भारतीय सदस्य की हमले में मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों में से चार की हालत गंभीर बताई गई है।
उसने बताया कि घायलों में छह भारतीय और यूक्रेन के दो नागरिक शामिल हैं।
बयान के अनुसार, हमले के कारण दोनों टैंकरों में आग लग गई, जिससे उन्हें नुकसान पहुंचा। हालांकि बाद में आग पर काबू पा लिया गया।
यूएई के रक्षा मंत्रालय ने इस ''खुले हमले'' की निंदा करते हुए इसे ''गंभीर उल्लंघन'' और ''अंतरराष्ट्रीय कानून का स्पष्ट हनन'' बताया।
मंत्रालय ने कहा, ''यूएई इस तनावपूर्ण स्थिति पर जवाब देने तथा अपने क्षेत्र, नागरिकों और निवासियों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का पूरा अधिकार सुरक्षित रखता है।''
उसने कहा कि किसी भी खतरे से निपटने के लिए मंत्रालय उच्चतम स्तर की तैयारी और सतर्कता बनाए हुए है।
इस बीच, अमेरिका ने मंगलवार तड़के ईरान पर हमले किए। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि वाशिंगटन होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान की नाकेबंदी ''फिर से लागू'' कर रहा है। उन्होंने सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराने के बदले अन्य जहाजों से शुल्क लेने का भी संकेत दिया।
इसके जवाब में ईरान ने बहरीन, जॉर्डन और यूएई से जुड़े इन दोनों टैंकरों को निशाना बनाकर हमले किए।
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच अब तक 11 भारतीय नागरिकों की जान जा चुकी है। इस संघर्ष के दौरान जहाजों और टैंकरों पर हुए हमलों के बीच कई नाविकों को भी बचाया गया है।
पिछले महीने पलाऊ के ध्वज वाले टैंकर 'एमटी सेट्टेबेलो' पर अमेरिका के हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई थी।
भाषा मनीषा शोभना
शोभना
1407 1125 दुबई