मप्र: रायसेन में तंत्र-मंत्र के जरिए गड़ा धन पाने के लालच में व्यापारी की चढ़ाई बली
जितेंद्र
- 14 Jul 2026, 09:00 PM
- Updated: 09:00 PM
रायसेन, 14 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में तंत्र-मंत्र के जरिए गड़ा धन निकालने के लालच में 42 वर्षीय एक व्यापारी की कथित तौर पर हत्या करने के लिए तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 55 किलोमीटर दूर गैरतगंज क्षेत्र की है।
उन्होंने बताया कि व्यापारी का शव गैरतगंज से लगभग छह किलोमीटर दूर परासिया गांव के पास नदी किनारे स्थित एक पूजा स्थल के निकट बरामद किया गया। अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) सोनाली गुप्ता ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि गैरतगंज निवासी व्यापारी विजय जैन सात जुलाई को घर से लापता हो गए थे और नौ जुलाई को उनके परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
उन्होंने बताया कि गैरतगंज थाना प्रभारी डी.पी. लोहिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जैन की तलाश शुरू की गई लेकिन तीन दिन तक उनका कोई सुराग नहीं मिला।
सोनाली गुप्ता ने बताया कि 13 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि परासिया गांव के पास नदी किनारे मिट्टी में एक शव दबा हुआ है और जांच करने पर उसकी पहचान विजय जैन के रूप में हुई।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि जैन की अंतिम बार मुलाकात हिनोतिया खास निवासी प्रहलाद साहू से हुई थी और संदेह के आधार पर उससे पूछताछ की गई, जिसमें उसने कथित तौर पर हत्या की साजिश का खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में साहू ने बताया कि वह विजय जैन का परिचित था और दोनों के बीच गड़ा हुआ धन (दफीना) निकालने को लेकर अक्सर बातचीत होती थी।
पुलिस ने बताया कि प्रहलाद साहू स्वयं तांत्रिक क्रियाएं करता था और उसे विश्वास था कि परासिया नदी किनारे स्थित माता के चबूतरे के पास गड़ा हुआ धन है। पुलिस के अनुसार, इसी लालच में साहू ने अपने पुत्र टीकम साहू और उड़दमऊ निवासी करीम खान के साथ मिलकर जैन को परासिया नदी के पास बुलाया तथा वहां तंत्र-मंत्र की क्रियाओं के बाद उनके हाथ-पैर बांधकर कुल्हाड़ी से कथित तौर पर हत्या कर दी गई।
पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद तीनों आरोपियों ने शव को नदी किनारे गड्ढा खोदकर दफना दिया और मौके से फरार हो गए।
एसडीओपी ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, फावड़ा, मोटरसाइकिल और तीनों के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
भाषा सं ब्रजेन्द्र जितेंद्र
जितेंद्र
1407 2100 रायसेन