अहमदाबाद विमान हादसे की जांच पारदर्शी तरीके से जारी, अंतिम रिपोर्ट जल्द आएगी : नायडू
दिलीप
- 14 Jul 2026, 09:41 PM
- Updated: 09:41 PM
अहमदाबाद, 14 जुलाई (भाषा) केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू ने मंगलवार को कहा कि जून 2025 में हुए एअर इंडिया एआई171 विमान हादसे की जांच अंतिम चरण में है और रिपोर्ट जल्द जारी की जाएगी।
नायडू ने धोलेरा में संवाददाताओं से कहा कि विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) इस मामले की जांच पारदर्शी तरीके से कर रहा है।
मंत्री ने कहा कि सरकार अंतिम रिपोर्ट जल्द जारी करने का प्रयास कर रही है, लेकिन हादसे के पीछे की सच्चाई सामने लाना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
नायडू ने कहा, ''यह अंतिम चरण में है, इसलिए हम यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं कि रिपोर्ट जल्द सामने आए। लेकिन गति से अधिक महत्वपूर्ण यह है कि यह पता चले कि हादसा क्यों और कैसे हुआ। मामले की जांच कर रहा एएआईबी पूरी तरह सक्षम है और पारदर्शी तरीके से जांच कर रहा है। हमें विश्वास है कि उसकी अंतिम रिपोर्ट जल्द जारी होगी।''
मंत्री मंगलवार को गुजरात में निर्माणाधीन धोलेरा हवाई अड्डे का निरीक्षण करने पहुंचे थे। यह हवाई अड्डा अहमदाबाद शहर से करीब 100 किलोमीटर दूर बनाया जा रहा है।
मंत्री की यह टिप्पणी हादसे में मारे गए करीब 30 पीड़ितों के परिजनों द्वारा उन्हें पत्र लिखकर जांच की नियमित जानकारी देने, स्वतंत्र सिम्युलेटर सत्यापन परीक्षण कराने और जांच दल में अनुभवी बोइंग 787 पायलट को शामिल करने की मांग के कुछ दिन बाद आई है।
परिजनों ने अंतिम जांच रिपोर्ट जारी करने के लिए स्पष्ट समयसीमा तय करने की भी मांग की थी।
लंदन जा रही बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान द्वारा संचालित एअर इंडिया की उड़ान एआई171 पिछले साल 12 जून को अहमदाबाद से उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में विमान में सवार 241 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों समेत कुल 260 लोगों की मौत हो गई थी। जमीन पर मौजूद 19 लोग भी मारे गए थे। इस दुर्घटना में एक यात्री बच गया था।
एएआईबी ने पिछले साल जुलाई में अपनी प्रारंभिक जांच रिपोर्ट जारी की थी, जिसमें हादसे से पहले की घटनाओं का क्रम बताया गया था, लेकिन इसमें किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया गया था और न ही दुर्घटना के अंतिम कारण की पहचान की गई थी।
पिछले महीने एएआईबी ने एक अंतरिम बयान जारी कर कहा था कि उड़ान रिकॉर्डर डेटा, विमान प्रणालियों, इंजन से जुड़े हिस्सों, रखरखाव और परिचालन रिकॉर्ड तथा अन्य साक्ष्यों के विश्लेषण में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
भाषा अमित दिलीप
दिलीप
1407 2141 अहमदाबाद