कांग्रेस ने ममता को कोलकाता कार्यक्रम में आमंत्रित किया, पार्टी छोड़ने की 'गलती' मानने को कहा
दिलीप
- 14 Jul 2026, 10:30 PM
- Updated: 10:30 PM
कोलकाता, 14 जुलाई (भाषा) कांग्रेस की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को कोलकाता में 21 जुलाई को प्रस्तावित अपनी पार्टी के कार्यक्रम में आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि ममता को यह बात मान लेनी चाहिए कि लगभग तीन दशक पहले कांग्रेस छोड़ने का उनका फैसला एक "गलती" थी।
शहीद मीनार पर 'शहीद दिवस' कार्यक्रम से जुड़ी तैयारियों का जायजा लेने के बाद सरकार ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि ममता को 21 जुलाई 1993 के आंदोलन के ऐतिहासिक महत्व को मान्यता देनी चाहिए, न कि "उसकी विरासत को फिर से लिखने की कोशिश" करनी चाहिए।
उन्होंने कहा, "अगर ममता बनर्जी में सचमुच हिम्मत है, तो उन्हें इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश नहीं करना चाहिए। तृणमूल सुप्रीमो को स्वीकार करना चाहिए कि उन्होंने अतीत में एक गलत राजनीतिक फैसला लिया था। शहीद मीनार पर हमारे कार्यक्रम में आकर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए उनका स्वागत है।"
सरकार ने कहा कि 21 जुलाई 1993 का आंदोलन युवा कांग्रेस के बैनर तले आयोजित किया गया था और कांग्रेस के साथ उसके जुड़ाव को इतिहास से मिटाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा, "21 जुलाई 1993 का आंदोलन युवा कांग्रेस के झंडे तले हुआ था। यह इतिहास का हिस्सा है और इससे इनकार करने की कोई गुंजाइश नहीं है। जो नेता अपने राजनीतिक अतीत का सम्मान करता है, उसे लोगों का अधिक सम्मान मिलता है।"
सरकार ने कहा कि अगर ममता इस साल 21 जुलाई के कार्यक्रम में शामिल होती हैं और यह स्वीकार करती हैं कि कांग्रेस छोड़ने का उनका फैसला एक सियासी गलती थी, तो यह एक अहम कदम होगा।
उन्होंने कहा, "अगर वह सार्वजनिक रूप से कहती हैं कि कांग्रेस छोड़ना एक गलती थी और 21 जुलाई के शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए शहीद मीनार के मंच पर आती हैं, तो यह राजनीतिक प्रायश्चित का एक अहम कार्य होगा। इससे कम से कम यह संदेश जाएगा कि अतीत की कुछ गलतियों को सुधारने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस का मंच सभी के लिए खुला है और ममता यहां आकर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए स्वतंत्र हैं।"
इक्कीस जुलाई 1993 को ममता के नेतृत्व में युवा कांग्रेस की रैली पर पुलिस की गोलीबारी में 13 लोगों की मौत हो गई थी। दिसंबर 1997 में कांग्रेस छोड़ तृणमूल कांग्रेस का गठन करने वाली ममता हर साल विशाल रैलियों के आयोजन के जरिये शहीद दिवस मनाती आई हैं।
ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाला तृणमूल का बागी गुट एस्प्लेनेड में महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास शहीद दिवस कार्यक्रम का आयोजन करेगा। दूसरी ओर, पुलिस ने ममता के नेतृत्व वाले गुट को विक्टोरिया हाउस के सामने कार्यक्रम आयोजित करने की इजाजत नहीं दी है, जहां यह कार्यक्रम पारंपरिक रूप से आयोजित किया जाता रहा है। यह मामला अब अदालत में लंबित है।
भाषा पारुल दिलीप
दिलीप
1407 2230 कोलकाता